ऑल इंग्लैंड ओपन 2026: लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल में विक्टर लाई को हराया, फाइनल में पहुंचे

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के पुरुष एकल सेमीफाइनल में कनाडा के विक्टर लाई को तीन गेमों में हराकर फाइनल में जगह बना ली। यह मुकाबला शनिवार को बर्मिंघम के यूटिलिटा एरिना बर्मिंघम में खेला गया।
लक्ष्य सेन ने एक घंटे 37 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में लाई को 21-15, 18-21, 21-16 से हराया। निर्णायक गेम में उन्हें गंभीर क्रैम्प्स का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए जीत हासिल की। अंतिम गेम बेहद रोमांचक रहा और पूरे मैच के दौरान दर्शक अपनी सीटों से चिपके रहे।
इससे पहले 2022 में लक्ष्य सेन इसी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन से हारकर उपविजेता रहे थे। अब वह फाइनल में जीत हासिल कर इतिहास रचने की कोशिश करेंगे। अगर वह खिताब जीतते हैं तो वह महान खिलाड़ियों प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद के बाद ऑल इंग्लैंड ओपन जीतने वाले तीसरे भारतीय बन जाएंगे।
टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदें पहले ही झटका खा चुकी थीं। स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई में फंस जाने के कारण बर्मिंघम नहीं पहुंच सकीं, जबकि पुरुष युगल की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थी। ऐसे में लक्ष्य सेन ने भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
सेमीफाइनल से पहले लक्ष्य सेन ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए पहले दौर में विश्व नंबर एक शि यूकी को हराया और इसके बाद विश्व नंबर छह ली शिफेंग को मात दी। इन जीतों के बाद वह सेमीफाइनल में आत्मविश्वास के साथ उतरे और पहले गेम को 30 मिनट से भी कम समय में 21-15 से अपने नाम कर लिया।
