IPL 2026 से पहले एक्शन में रोहित शर्मा: हजारों फैंस के बीच शुरू की जोरदार प्रैक्टिस

चिरौरी न्यूज
मुंबई: इंडियन क्रिकेट के दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा ने IPL 2026 से पहले अपनी तैयारियों की शुरुआत कर दी है। मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में जब रोहित नेट्स पर उतरे तो उन्हें देखने के लिए हजारों क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्टेडियम जैसा माहौल बन गया और फैंस ने अपने पसंदीदा बल्लेबाज़ के हर शॉट पर जोरदार तालियां बजाईं।
वायरल हो रहे एक वीडियो में रोहित शर्मा नेट्स में अलग-अलग तरह के शॉट्स की प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने युवा बल्लेबाज़ अंगरिश रघुवंशी के साथ नेट्स साझा किए। उनकी टाइमिंग और क्लासिक स्ट्रोक-प्ले ने फैंस को काफी उत्साहित कर दिया, जिससे साफ है कि वह आगामी आईपीएल सीज़न के लिए पूरी तरह तैयार होना चाहते हैं।
रोहित शर्मा हाल ही में वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी सुर्खियों में रहे। वह इस टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर के रूप में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने के लिए लगातार मैदान पर मौजूद रहे हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान भी उन्हें वानखेडे स्टेडियम में देखा गया था।
अब रोहित रविवार, 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में होने वाले टूर्नामेंट के फाइनल में भी मौजूद रहने वाले हैं। ब्रांड एंबेसडर की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद वह सीधे आईपीएल की तैयारियों में जुट जाएंगे, जिसकी शुरुआत मार्च के आखिरी सप्ताह में होने वाली है।
हालांकि हाल के समय में वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया ODI सीरीज़ में रोहित तीन पारियों में सिर्फ 61 रन ही बना सके। इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज़ में उन्होंने दो अर्धशतक लगाए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज़ में वह प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुने गए थे, जहां उन्होंने तीन पारियों में 202 रन बनाए, जिसमें सिडनी में खेली गई 121* (125 गेंद) की शानदार मैच जिताऊ पारी भी शामिल थी।
क्या 2027 तक खेलेंगे रोहित?
वनडे में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर तब, जब यशस्वी जैसवाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे ODI में शानदार शतक लगाकर 50 ओवर के फॉर्मेट में स्थायी ओपनर बनने की बहस को और तेज कर दिया है।
इसके बावजूद रोहित शर्मा ने साफ संकेत दिए हैं कि वह कम से कम वर्ल्ड कप 2027 तक खेलना चाहते हैं। उनका सपना है कि वह उस फॉर्मेट में भारत को बड़ा खिताब जिताएं, जिसे वह बचपन से सबसे ज्यादा पसंद करते आए हैं।
दरअसल, वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली दर्दनाक हार अभी भी उनके दिल में ताजा है। भारत को फाइनल तक पहुंचाने वाले इस अनुभवी ओपनर की नजर अब क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर एक आखिरी बार ट्रॉफी उठाने पर टिकी है।
