शाहिद अफरीदी ने की टीम इंडिया की जमकर तारीफ, ‘भारत T20 वर्ल्ड कप का असली हकदार था’

Shahid Afridi praised Team India, saying, 'India was the rightful winner of the T20 World Cup'.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत की खुलकर सराहना की है। अफरीदी का कहना है कि पूरे टूर्नामेंट में भारत ने चैंपियन की तरह प्रदर्शन किया और वह इस खिताब का पूरी तरह हकदार था।

अफरीदी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत बेंच स्ट्रेंथ रही। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इंडिया टाइटल डिज़र्व करता था। उनके पास शानदार टीम कॉम्बिनेशन है। बेंच पर बैठे खिलाड़ी भी प्लेइंग इलेवन जितने ही अच्छे थे। यही कारण है कि एक मजबूत बेंच टीम को और ज्यादा खतरनाक बनाती है।”

उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। अफरीदी ने कहा कि संजू सैमसन ने मौके का पूरा फायदा उठाया और लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी काबिलियत दिखाई। वहीं अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया।

अफरीदी ने खास तौर पर जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी को टीम की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा, “नई गेंद हो या पुरानी, स्लोअर गेंद हो या यॉर्कर — बुमराह हर परिस्थिति में बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं। मेरी नजर में वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं।”

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन की लगातार तीसरी हाफ सेंचुरी अहम रही। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।

उधर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने भी भारत की जीत को हैरानी भरा नहीं बताया। उनका कहना था कि भारतीय खिलाड़ी अब बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में खेलने और दबाव में प्रदर्शन करने के आदी हो चुके हैं।

लतीफ ने कहा कि टीम इंडिया की सफलता के पीछे सबसे बड़ा कारण टीम में लगातार स्थिरता और निरंतरता है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बार-बार बदलाव और जल्दबाजी की वजह से कई समस्याएं पैदा हो जाती हैं।

भारत की इस जीत के साथ ही टीम ने लगातार दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया और विश्व क्रिकेट में अपनी ताकत का एक बार फिर लोहा मनवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *