पीरियड्स कोई मज़ाक नहीं, बेटों और भाइयों को भी जागरूक करना ज़रूरी: ट्रोलिंग पर बोलीं ‘धुरंधर’ एक्ट्रेस आयशा खान

Periods are no joke, it's important to make sons and brothers aware too: 'Dhurandhar' actress Ayesha Khan on trolling
(Pic: Instagram/ ayeshaakhan_official)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: फिल्म धुरंधर की एक्ट्रेस आयशा खान ने पीरियड्स को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग और मीम्स पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि पीरियड्स एक बिल्कुल सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन जब उन्होंने पीरियड्स के दौरान गाने की शूटिंग का ज़िक्र किया तो यह सोशल मीडिया पर “नेशनल मज़ाक” बन गया।

आयशा खान ने कहा कि पीरियड्स महिलाओं की ज़िंदगी का सामान्य हिस्सा है और इसके बावजूद वे अपने रोज़मर्रा के काम करती रहती हैं। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह बहुत सामान्य बात है। हर महीने हम एक साइकिल से गुजरते हैं और हमें इसकी इतनी आदत हो जाती है कि कई बार हमें एहसास भी नहीं होता कि इतने सारे काम करते हुए भी हमारे पीरियड्स चल रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि इंटरव्यू के करीब एक हफ्ते बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर मीम्स बनने लगे। “मैंने देखा कि लोग मज़ाक बना रहे हैं और मीम्स शेयर कर रहे हैं। तब मुझे लगा कि मेरा पीरियड्स होना अचानक एक नेशनल मज़ाक बन गया है,” उन्होंने कहा।

आयशा का मानना है कि समाज में पीरियड्स को लेकर सही जानकारी देने की ज़रूरत है, खासकर पुरुषों को। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमें अपने बेटों और भाइयों को इस बारे में शिक्षित करने की ज़रूरत है। ज़्यादातर जोक्स पुरुषों की तरफ से आए थे और जब मैंने उन्हें पढ़ा, तो वे सच में बहुत खराब थे।”

उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ मीम्स में फिल्ममेकर आदित्य धर का नाम लेकर उनके बयान का मज़ाक उड़ाया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आयशा ने कहा, “क्या मुझे शर्मिंदगी हुई? बिल्कुल नहीं। मैं एक गर्वित महिला हूं और मुझे खुद पर गर्व है कि मैंने अपने पीरियड्स के दौरान भी अपना काम पूरी ईमानदारी से किया।”

आयशा ने आगे कहा कि पीरियड्स ऐसी चीज़ है जिससे कई महिलाएं किसी भी समय गुजर रही होती हैं, लेकिन अक्सर इसके बारे में खुलकर बात नहीं की जाती। उन्होंने कहा, “अगर किसी कमरे में सौ महिलाएं हों, तो उनमें से कुछ उस समय पीरियड्स में हो सकती हैं और हमें इसका पता भी नहीं चलता, क्योंकि हम इसे लेकर कोई बड़ी बात नहीं करते।”

हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें लगा कि वह अपने सबसे अच्छे रूप में नहीं दिख रही थीं। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि मेरा पेट थोड़ा फूला हुआ था। जब आप किसी गाने की शूटिंग करते हैं तो चाहते हैं कि आप सबसे अच्छे दिखें और सब कुछ परफेक्ट हो।”

बता दें कि रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म धुरंधर पिछले साल दिसंबर में रिलीज़ हुई थी और यह बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। फिलहाल यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। वहीं इसका सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *