अविनेश रेखी और श्रेणु पारिख ने साझा किया सोनी सब के ‘गणेश कार्तिकेय’ में अपना सफर

Avinesh Rekhi and Shrenu Parikh Share Their Journey in Sony SAB’s ‘Ganesh Kartikeya’चिरौरी न्यूज

मुंबई: सोनी सब का पौराणिक धारावाहिक गाथा शिव परिवार की– गणेश कार्तिकेय दर्शकों के सामने लेकर आया है भगवान शिव (अविनेश रेखी) और देवी पार्वती (श्रेणु पारिख) की दिव्य और प्रेरणादायी यात्रा। यह शो जहाँ उनके पवित्र जीवन की कथा को जीवंत करता है, वहीं इन किरदारों को निभाना कलाकारों के लिए भी एक बेहद व्यक्तिगत अनुभव रहा है।

अविनेश रेखी और श्रेणु पारिख के लिए शिव और पार्वती की भूमिका निभाना केवल परिधान, संवाद और दृश्यों तक सीमित नहीं रहा। समय के साथ इन किरदारों ने उनके जीवन, काम करने के तरीके और रिश्तों, धैर्य व आस्था को देखने के नजरिए को भी प्रभावित किया है। रोज़ाना सेट पर आध्यात्मिक कहानियों और शक्तिशाली क्षणों से घिरे रहना उनके लिए अभिनय से कहीं अधिक एक यात्रा जैसा रहा।

भूमिका के असर पर बात करते हुए अविनेश रेखी ने कहा, “शिव का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत स्थिर और ज़मीन से जुड़ा अनुभव रहा। यह ऐसा किरदार नहीं है, जिसे आप आसानी से ऑन-ऑफ कर सकें। धीरे-धीरे मैंने महसूस किया कि मैं मुश्किल हालात का सामना पहले से ज्यादा शांति और धैर्य के साथ करने लगा हूँ। सेट पर भी कुछ दृश्यों से पहले मैं खुद को शांत करने और पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने के लिए एक पल लेता हूँ। भगवान शिव अपनी स्थिरता और संतुलन के लिए जाने जाते हैं और जब मैंने इन गुणों को समझने की कोशिश की तो पाया कि वे धीरे-धीरे मेरे सोचने और फैसले लेने के तरीके का हिस्सा बन गए हैं। बहुत ही शांत तरीके से यह किरदार मेरे साथ रहता है।”

श्रेणु पारिख ने साझा किया, “देवी पार्वती का किरदार निभाने से मुझे एक स्त्री के पोषण और सुरक्षा देने वाले पक्ष को महसूस करने का मौका मिला, खासकर मातृत्व की भावनाओं को, जिन्हें मैंने अपनी ज़िंदगी में अभी तक अनुभव नहीं किया था। यह बहुत खूबसूरत एहसास था। सती के रूप में मैंने पत्नी के अपने पति के प्रति समर्पण और आदर को जीया, जो मेरी शादीशुदा ज़िंदगी से और भी गहराई से जुड़ता है। वहीं, मैंने काली माँ का रूप भी निभाया, जो पूरी तरह अलग ऊर्जा का प्रतीक है– निडर और प्रचंड। इन रूपों को जीते हुए मुझे एहसास हुआ कि स्त्री की आत्मा कितनी अद्भुत होती है। वह पोषण कर सकती है, गहराई से प्रेम कर सकती है और ज़रूरत पड़ने पर अपार शक्ति के साथ उठ खड़ी हो सकती है। इस शो में मेरा सफर बहुत खास रहा क्योंकि मैंने इन किरदारों के ज़रिए स्त्री के इतने रंगों को जिया।”

देखिए ‘गणेश कार्तिकेय’, हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *