भारत के लिए स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ से सुरक्षित मार्ग, ईरान ने दो एलपीजी टैंकरों को दी अनुमति

Safe Passage Through Strait of Hormuz for India: Iran Grants Permission to Two LPG Tankersचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने भारत की ओर जा रहे दो तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ से गुजरने की अनुमति दे दी है। यह जानकारी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में शुक्रवार को सामने आई।

इससे कुछ घंटे पहले भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने संकेत दिया था कि भारत को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जल्द ही सुरक्षित आवाजाही मिल सकती है। उन्होंने कहा था कि आने वाले दो या तीन घंटों में सकारात्मक स्थिति दिखाई दे सकती है।

भारत-ईरान के साझा हित

राजदूत फतहाली ने कहा कि भारत और ईरान के बीच क्षेत्रीय स्तर पर कई साझा हित हैं। उन्होंने भारत को ईरान का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से दोस्ताना संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम मानते हैं कि ईरान और भारत दोस्त हैं। हमारे बीच साझा हित हैं और कई मामलों में हमारी सोच भी मिलती है।”

फतहाली ने भारत और ईरान के ऐतिहासिक रिश्तों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में भारत ने ईरान का कई क्षेत्रों में सहयोग किया है। उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने कठिन परिस्थितियों में भी हमारी विभिन्न क्षेत्रों में मदद की है।” स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। इस संकरे जलमार्ग से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस आपूर्ति गुजरती है।

इस क्षेत्र में किसी भी तरह का व्यवधान वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर डाल सकता है। भारत भी अपने कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग के जरिए आयात करता है। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर दुनिया भर की सरकारें और शिपिंग कंपनियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *