गिगी हदीद ने एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर तोड़ी चुप्पी: ‘उस व्यक्ति से कभी कोई संबंध नहीं रहा’

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अमेरिकी सुपरमॉडल गिगी हदीद ने आखिरकार कुख्यात जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में अपने और अपनी बहन बेला हदीद के नाम आने पर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, 2015 के एक ईमेल एक्सचेंज में एपस्टीन और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच बातचीत सामने आई, जिसमें गिगी और बेला की मॉडलिंग में सफलता पर सवाल उठाया गया था।
उस व्यक्ति ने यह भी संकेत दिया था कि उनके पिता मोहम्मद हदीद ने एजेंसी को पैसे दिए होंगे, जिसे एपस्टीन ने खारिज करते हुए कहा कि वे “निर्देशों का पालन करती हैं, बस इतना ही।” इस ईमेल के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर गिगी से प्रतिक्रिया देने की मांग उठी। एक यूज़र ने उनके इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया।
इस पर गिगी ने (अब डिलीट हो चुके) जवाब में कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा, जिससे वह कभी मिली भी नहीं, इस तरह का जिक्र “बहुत ही परेशान करने वाला” है। उन्होंने साफ तौर पर कहा, “मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहती हूं कि मेरा उस व्यक्ति से कभी कोई संबंध नहीं रहा।”
गिगी ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर इसलिए पहले नहीं बोलीं क्योंकि वह असली पीड़ितों की आवाज़ से ध्यान नहीं हटाना चाहती थीं।
उन्होंने अपने परिवार, पिता मोहम्मद हदीद और मां योलान्डा हदीद, का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें मेहनत और मूल्यों की सीख दी है। गिगी ने यह भी बताया कि 2012 में मॉडलिंग एजेंसी से जुड़ने के बाद से उन्होंने अपनी सफलता के लिए कड़ी मेहनत की है।
गौरतलब है कि एपस्टीन पर 2008 से 2019 के बीच कई महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। जुलाई 2019 में उन्हें नाबालिगों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और उसी साल अगस्त में ट्रायल का इंतजार करते हुए जेल में उनकी मौत हो गई थी।
