मुंबई इंडियंस का स्पष्ट संदेश: वैभव सूर्यवंशी पर नहीं बदलेगी रणनीति

Mumbai Indians' Clear Message: Strategy Regarding Vaibhav Suryavanshi Will Not Change
(Pic: IPL)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: गुवाहाटी में होने वाले मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर बढ़ती चर्चा को ज्यादा तवज्जो देने से मना किया है। टीम के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने साफ कहा कि उनकी तैयारी सामान्य ही रहेगी।

महम्ब्रे ने कहा कि सूर्यवंशी अब नए खिलाड़ी नहीं हैं। “यह उनका दूसरा साल है, इसलिए वह नए नहीं हैं। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है और अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है,” उन्होंने कहा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुंबई की टीम किसी एक खिलाड़ी को लेकर अपनी रणनीति नहीं बदलेगी।

उन्होंने आगे कहा, “हम जानते हैं कि वह एक अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारी तैयारी बाकी खिलाड़ियों की तरह ही रहेगी।” इससे साफ है कि मुंबई इंडियंस का फोकस संतुलित और साधारण रणनीति पर ही रहेगा।

वहीं, राजस्थान के स्पिनर रवि बिश्नोई को लेकर भी महम्ब्रे ने कहा कि अब उन्हें “मिस्ट्री बॉलर” नहीं माना जा सकता। “लोग वर्षों से उन्हें खेलते देख रहे हैं। वह कुछ अलग नहीं कर रहे हैं,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।

मुंबई इंडियंस इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद वापसी की उम्मीद से उतरेगी। उस मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी टीम पर भारी पड़ी थी, और सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली थी।

अब पंड्या की वापसी की संभावना के बीच मुंबई इंडियंस टीम संतुलन हासिल करने की कोशिश करेगी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप और युवा खिलाड़ियों का फॉर्म इस मुकाबले को और रोमांचक बना सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *