विराट कोहली ने कथित तौर पर दक्षिण अफ्रीकी मॉडल की तस्वीर ‘लाइक’ की, इंटरनेट पर ‘एल्गोरिदम’ मीम्स की बाढ़
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली एक बार फिर सोशल मीडिया विवाद में घिर गए हैं। इंस्टाग्राम पर एक ‘लाइक’ को लेकर उठे इस नए मामले ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।
दरअसल, हाल ही में एक मॉडल लिज़लाज की पोस्ट पर कोहली के अकाउंट से ‘लाइक’ दिखने का दावा किया गया। इसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद फैंस के बीच बहस छिड़ गई। कई यूजर्स इसे मज़ाकिया अंदाज में ले रहे हैं, तो कुछ इसे फिर से ‘एल्गोरिदम’ की गलती बता रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “चैन से लाइक भी नहीं करने देता ये समाज,” जबकि दूसरे ने कमेंट किया, “रिलैक्स गाइज़, इट्स एल्गोरिदम।”
यह पहली बार नहीं है जब कोहली इस तरह के विवाद में फंसे हों। साल 2025 में उन्होंने अवनीत कौर की एक पोस्ट को गलती से लाइक कर दिया था, जो काफी चर्चा में रहा। उस समय कोहली ने सफाई देते हुए कहा था, “मैं अपनी फीड क्लियर कर रहा था, उसी दौरान एल्गोरिदम ने गलती से इंटरैक्शन दर्ज कर लिया। इसमें कोई इरादा नहीं था। कृपया अनावश्यक अटकलें न लगाएं।” अब फैंस को उम्मीद है कि इस नए विवाद पर भी कोहली की ओर से ऐसी ही कोई सफाई सामने आ सकती है।
जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर यह विवाद छाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ कोहली का प्रदर्शन मैदान पर शानदार बना हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में कोहली ने पहली बार ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में खेला और अर्धशतक से सिर्फ 1 रन से चूक गए। हालांकि उनकी अहम पारी की बदौलत आरसीबी ने मैच आसानी से जीत लिया।
एक ओर जहां ‘लाइक’ को लेकर विवाद जारी है, वहीं कोहली का मैदान पर फोकस और प्रदर्शन यह दिखाता है कि वह अपने खेल में पूरी तरह समर्पित हैं। अब देखना होगा कि क्या इस बार भी वह इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।
