गौतम अदाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल किया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अब गौतम अदाणी के सिर पर है। अदाणी ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है, जो लंबे समय से इस स्थान पर काबिज थे।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अदाणी की कुल संपत्ति करीब 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अंबानी की संपत्ति लगभग 90.8 अरब डॉलर है। इस बदलाव के पीछे अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आई तेजी को मुख्य वजह माना जा रहा है।
आज के कारोबार में अदाणी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे। अदाणी पावर में करीब 1% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि अदाणी टोटल गैस के शेयर 2% से अधिक चढ़े। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के शेयरों में भी मजबूती देखी गई।
दोनों उद्योगपति दुनिया के टॉप 20 अमीरों में शामिल हैं। इस सूची में पहले स्थान पर एलोन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 656 अरब डॉलर आंकी गई है। इसके बाद लैरी पेज, जेफ बेजोस, सर्गेई ब्रिन और मार्क जुकरबर्ग जैसे दिग्गजों का नाम शामिल है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अरबपतियों की रैंकिंग शेयर बाजार और कंपनियों के प्रदर्शन पर निर्भर करती है, इसलिए इसमें लगातार बदलाव होता रहता है। साल 2026 में दुनिया के टॉप 20 अमीरों में से 7 लोगों की संपत्ति में गिरावट भी दर्ज की गई है। बर्नार्ड अर्नाल्ट को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जिनकी संपत्ति में करीब 44 अरब डॉलर की कमी आई।
इस सूची में भारत के अन्य बड़े उद्योगपतियों में लक्ष्मी मित्तल, शिव नादर, शपूर मिस्त्री और सावित्री जिंदल शामिल हैं। इसके अलावा सुनील मित्तल, अजीम प्रेमजी, कुमार मंगलम बिड़ला और राधाकिशन दमानी जैसे नाम भी इस इंडेक्स में प्रमुख भारतीय चेहरों में गिने जाते हैं।
जहां अदाणी ग्रुप इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में मजबूत पकड़ रखता है, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज ऊर्जा, टेलीकॉम और रिटेल के क्षेत्र में अग्रणी है।
