जब एक डायरेक्टर ने रुबीना से कहा, ‘तुम्हें लीड रोल में कोई कास्ट नहीं करेगा’

When a Director Told Rubina, 'No One Will Cast You in a Lead Role'
(Pic: Rubina Dilaik Instagram)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: स्टंट आधारित रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी एक बार फिर नए सीज़न के साथ दर्शकों के बीच लौट रहा है। निर्देशक रोहित शेट्टी द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस लोकप्रिय शो के 15वें सीज़न में टीवी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे नजर आने वाले हैं। इनमें अभिनेत्री रुबीना दिलाइक भी शामिल हैं, जो इससे पहले 2022 में शो के 12वें सीज़न में हिस्सा ले चुकी हैं।

इस बार शो में वापसी के साथ रुबीना ने अपने निजी जीवन के एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें अपनी शक्ल-सूरत को लेकर कई आलोचनाओं और असुरक्षाओं का सामना करना पड़ा था।

SCREEN को दिए एक इंटरव्यू में रुबीना दिलाइक ने खुलासा किया कि खुद को स्वीकार करने और अपने व्यक्तित्व को अपनाने में उन्हें कई साल लग गए। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में आने के बाद उनके चेहरे और शरीर को लेकर लगातार टिप्पणियाँ की जाती थीं।

रुबीना ने कहा, “मुझे अपनी शक्ल-सूरत को लेकर कभी ज़्यादा आत्मविश्वास नहीं था। खुद को अपनाने के लिए मैंने बहुत संघर्ष किया है। इंडस्ट्री में एक तयशुदा तरह से दिखने का दबाव होता है। जब मैंने शुरुआत की, तब मेरे चेहरे पर थोड़ा बेबी फैट था। लोग मुझे ‘हिमाचली सेब’ कहकर बुलाते थे। मेरे चेहरे की गोलाई और ठुड्डी तक पर कमेंट किए जाते थे।”

उन्होंने आगे बताया कि एक निर्देशक ने तो उनसे बेहद निराशाजनक बात कह दी थी। “एक डायरेक्टर ने मुझसे कहा था कि मेरा चेहरा इतना ‘नेगेटिव’ है कि मुझे सिर्फ नेगेटिव किरदार ही मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कोई मुझे लीड रोल या पॉजिटिव किरदार में कास्ट करेगा।”

इन टिप्पणियों का असर उनके आत्मविश्वास पर गहराई से पड़ा। रुबीना ने बताया कि उन्होंने अपने दांतों के लिए ब्रेसेस तक लगवाए और लंबे समय तक खुद को दूसरों जैसा बनाने की कोशिश करती रहीं। उन्होंने कहा, “मुझे लगता था कि शायद मैं उतनी अच्छी नहीं हूँ। मेरे मन में हमेशा बहुत सारे ‘शायद’ रहते थे। मुझे यह समझने में बहुत समय लगा कि मैं वास्तव में कौन हूँ और मुझे किस दिशा में आगे बढ़ना है। फिर मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं दूसरों जैसी बनने की कोशिश करूँगी, तो मैं ‘रुबीना दिलाइक’ ही नहीं रहूँगी।”

इस बार खतरों के खिलाड़ी के नए सीज़न में कई चर्चित सितारे नजर आएंगे। शो में जैस्मिन भसीन, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, विशाल आदित्य सिंह और अविका गौर जैसे लोकप्रिय नाम शामिल हैं।

इसके अलावा नए प्रतिभागियों में गौरव खन्ना, ऑरी, अविनाश मिश्रा, हर्ष गुजराल, फरहाना भट्ट और रूहानिका धवन के नाम भी सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *