Kamal Haasan Meets Chief Minister Vijay; Puts Forward 6 Key Demands for the Support of the Tamil Film Industry
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता और राजनेता कमल हसन ने मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर तमिल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। यह मुलाकात विजय के 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ दिनों बाद हुई, जिसने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में खासा ध्यान खींचा।
कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने छह अहम मांगें रखी हैं। उनका कहना था कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री इस समय कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है और उसे राज्य सरकार के मजबूत सहयोग, संरक्षण और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।
अपने पोस्ट में हासन ने लिखा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विजय को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं और तमिलनाडु के विकास के लिए उनके विज़न की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैंने उनके सामने 6 महत्वपूर्ण मांगें रखीं और इस बात पर ज़ोर दिया कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए तमिलनाडु सरकार का समर्थन और अपनापन बेहद जरूरी है, क्योंकि यह इंडस्ट्री कई मुश्किल दौर से गुजर रही है। अच्छाई का बोलबाला हो।”
विजय की तारीफ
मुलाकात के बाद कमल हासन ने मुख्यमंत्री विजय के व्यवहार और दृष्टिकोण की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि विजय बेहद विनम्र और आत्मीय स्वभाव के साथ मिले तथा उन्होंने राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं पर उत्साहपूर्वक चर्चा की।
हासन ने यह भी दोहराया कि विजय को केवल एक फिल्म स्टार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि अब वे एक बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह गर्व की बात है कि फिल्म जगत से जुड़ा एक चेहरा आज राज्य के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचा है।
क्या हैं वो 6 मांगें?
हालांकि कमल हासन ने सार्वजनिक रूप से उन छह मांगों का विस्तृत खुलासा नहीं किया, लेकिन उन्होंने साफ संकेत दिए कि ये मांगें तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सामने मौजूद मौजूदा संकटों और चुनौतियों से जुड़ी हैं।
गौरतलब है कि हाल के समय में तमिल सिनेमा इंडस्ट्री के कई निर्माता, वितरक और थिएटर मालिक लगातार बढ़ती लागत, थिएटर बिजनेस में गिरावट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते दबाव को लेकर चिंता जता चुके हैं। ऐसे में कमल हासन की यह पहल इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
उनकी इस मुलाकात और बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि आने वाले समय में तमिलनाडु सरकार सिनेमा जगत के लिए कुछ बड़े फैसले ले सकती है।
