LSG डेब्यू में अर्जुन तेंदुलकर का अच्छा प्रदर्शन, पिता सचिन ने बेटे के लिए लिखा एक खास संदेश

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में आखिरकार वह पल आ ही गया जिसका क्रिकेट फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया और पहले ही मैच में शानदार गेंदबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया और दबाव भरे मौकों पर शानदार नियंत्रण दिखाया।
अर्जुन के प्रदर्शन के बाद पिता सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पर बेहद भावुक संदेश लिखा। सचिन ने अपने बेटे की मेहनत, धैर्य और खेल के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ की।
सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, “बहुत बढ़िया अर्जुन। पूरे सीजन जिस तरह तुमने खुद को संभाला, उस पर मुझे गर्व है। अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखा, धैर्य रखा, चुपचाप मेहनत की और आखिरी मैच तक मौका नहीं मिलने के बावजूद सकारात्मक बने रहे। क्रिकेट सिर्फ कौशल ही नहीं बल्कि धैर्य की भी परीक्षा लेता है और तुमने आज दोनों को खूबसूरती से निभाया। जमीन से जुड़े रहो और खेल से वैसे ही प्यार करते रहो जैसे हमेशा करते आए हो। हमेशा प्यार।”
Well done, Arjun. ❤️
Proud of the way you’ve carried yourself through this season, always believing in your ability, staying patient, working hard quietly, and remaining positive despite having to wait for your opportunity till the very last match.
Cricket tests patience as much… pic.twitter.com/3RdiGkXbfT— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) May 23, 2026
सचिन बहुत कम मौकों पर सार्वजनिक रूप से अर्जुन के क्रिकेट सफर पर प्रतिक्रिया देते हैं। इससे पहले उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए अर्जुन के आईपीएल डेब्यू पर पोस्ट किया था। ऐसे में यह संदेश फैंस के लिए भी बेहद खास बन गया।
अर्जुन तेंदुलकर ने कैसे किया प्रभावित?
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने पावरप्ले खत्म होते ही अर्जुन तेंदुलकर को गेंद थमाई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास दिखाया और प्रभसिमरन सिंह को लगातार शॉर्ट गेंदों से परेशान किया।
एक गेंद अतिरिक्त उछाल के साथ प्रभसिमरन के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत की तरफ गई, लेकिन पंत आसान कैच नहीं पकड़ सके। अगर यह कैच हो जाता तो अर्जुन को अपने डेब्यू मैच में बहुत जल्दी पहला विकेट मिल जाता।
हालांकि कैच छूटने के बावजूद अर्जुन ने संयम नहीं खोया और अपना पहला ओवर सिर्फ चार रन देकर खत्म किया।
दूसरे ओवर में जरूर पंजाब के बल्लेबाजों ने उन पर हमला बोला। श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने आगे बढ़कर खेलते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया, जिससे उस ओवर में 15 रन आए।
लेकिन अर्जुन ने शानदार वापसी की। उन्होंने बल्लेबाजों की रणनीति समझते हुए अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव किया। 15वें ओवर में जब श्रेयस अय्यर पूरी तरह आक्रामक हो चुके थे, तब भी अर्जुन ने दबाव में हिम्मत नहीं हारी।
इसी ओवर में अर्जुन ने तेज और सटीक यॉर्कर डालकर प्रभसिमरन सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट किया। प्रभसिमरन 69 रन बनाकर आउट हुए और अर्जुन तेंदुलकर ने अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल किया।
डेथ ओवर में भी दिखाया दम
अर्जुन का आखिरी ओवर भी बेहद शानदार रहा। डेथ ओवर के दबाव में उन्होंने सिर्फ पांच रन दिए और पंजाब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
हालांकि पंजाब ने मैच जीत लिया, लेकिन अर्जुन अपने प्रदर्शन से लखनऊ के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज बनकर उभरे। उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया और टीम के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए।
ऋषभ पंत की गलती पड़ी भारी
इस मैच में ऋषभ पंत की एक गलती लखनऊ पर भारी पड़ गई। पंत ने प्रभसिमरन सिंह का कैच छोड़ा और उसके बाद पंजाब के बल्लेबाज ने 49 रन और जोड़ दिए। अगर वह कैच पकड़ा जाता तो मैच का नतीजा अलग हो सकता था।
फिर भी इस मुकाबले की सबसे बड़ी सकारात्मक बात अर्जुन तेंदुलकर का आत्मविश्वास और दबाव में उनका संयम रहा। लंबे इंतजार के बाद मिले मौके को अर्जुन ने दोनों हाथों से भुनाया और साबित कर दिया कि वह सिर्फ बड़े नाम की वजह से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर आईपीएल स्तर पर जगह बना सकते हैं।
