IPL फैन कल्चर का बदसूरत चेहरा: विराट कोहली से बहस के बाद ट्रैविस हेड की पत्नी को सोशल मीडिया पर किया गया ट्रोल

The Ugly Face of IPL Fan Culture: Travis Head's Wife Trolled on Social Media After Altercation with Virat Kohliचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबला भले ही प्लेऑफ क्वालिफिकेशन के लिहाज से ज्यादा अहम नहीं था, लेकिन मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई तीखी नोकझोंक ने इसे सुर्खियों में ला दिया। मुकाबले में SRH ने जीत दर्ज की, लेकिन मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली द्वारा ट्रेविस हेड से हाथ न मिलाने की घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर बहस देखने को मिली। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका को भी निशाना बनाया, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से बातचीत में जेसिका ने कहा कि यह अनुभव 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद मिली ट्रोलिंग जैसा ही था।

जेसिका ने कहा, “मैं सुबह उठी तो सोशल मीडिया पर लगातार मैसेज और टिप्पणियां आ रही थीं। हम ठीक हैं, लेकिन लोग हमारे दोस्तों और परिवार को भी निशाना बना रहे हैं। खेल में जुनून होना जरूरी है, लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों की भावनाएं भी होती हैं।”

इस पूरे विवाद पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मैच के दौरान विराट और ट्रेविस हेड के बीच काफी बातचीत हुई थी। इरफान ने कहा कि विराट हमेशा आक्रामक अंदाज में क्रिकेट खेलते हैं और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तरह मैदान पर जवाब देना पसंद करते हैं।

इरफान के मुताबिक, विराट ने ट्रेविस हेड से कहा था कि वह सिर्फ ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ बनकर मैदान में आते हैं, इसलिए उन्हें गेंदबाजी भी करनी चाहिए। इसी बातचीत के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच माहौल गर्म हो गया। हालांकि, इरफान ने इसे खेल का हिस्सा बताया और कहा कि मैदान पर ऐसी बहसें होती रहती हैं।

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में दोनों टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, ऐसे में RCB और SRH के बीच आगे भी एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *