मुंबई हमलों पर आधारित कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का मोशन पोस्टर रिलीज

Motion Poster Released for Kangana Ranaut's Film 'Bharat Bhagya Vidhata', Based on the Mumbai Attacksचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का पहला मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों से प्रेरित है और उन आम लोगों की बहादुरी को श्रद्धांजलि देती है, जिन्होंने संकट के समय असाधारण साहस दिखाया था।

28 मई को जारी किए गए मोशन पोस्टर में कंगना रनौत एक नर्स के किरदार में नजर आ रही हैं, जो अफरा-तफरी और तबाही के बीच एक मरीज की जान बचाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। पोस्टर में हमलों के दौरान अस्पताल के भीतर के तनाव, डर और जज्बे को बेहद भावुक अंदाज में दिखाया गया है।

पोस्टर के साथ एक खास कैप्शन भी साझा किया गया है, जिसमें लिखा है, “कुछ खास करके, आम ही कहलाते। वो दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते।”

फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का निर्देशन और लेखन मनोज तापड़िया ने किया है। यह फिल्म मुंबई के कामा और अल्बलेस अस्पताल में 26/11 हमलों के दौरान घटित वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में अस्पताल के कर्मचारियों की बहादुरी और उनके संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया जाएगा, जिन्होंने जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की थी।

फिल्म में कंगना रनौत के साथ अभिनेत्री गिरिजा ओक भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार फिल्म ‘इमरजेंसी’ में दिखाई दी थीं। इस राजनीतिक ड्रामा फिल्म में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था। फिल्म का निर्देशन और सह-निर्माण भी कंगना ने ही किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *