“बस, अब बहुत हुआ। शुक्रिया”: डोनाल्ड ट्रंप ने एक तनावपूर्ण इंटरव्यू को बीच में छोड़ा

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: “बस, अब बहुत हुआ। शुक्रिया।” इन शब्दों के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NBC News के साथ चल रहे एक तनावपूर्ण इंटरव्यू को बीच में ही छोड़ दिया। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में कथित धांधली के आरोपों और बार-बार सबूत मांगे जाने को लेकर हुई तीखी बहस के बाद ट्रंप ने इंटरव्यू समाप्त कर दिया।
यह घटना ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम के लिए रिकॉर्ड किए जा रहे एक इंटरव्यू के दौरान हुई। बातचीत के दौरान ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि 2020 का अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव धांधली से प्रभावित था। हालांकि, कार्यक्रम की मॉडरेटर क्रिस्टन वेल्कर ने उनके दावों के समर्थन में ठोस सबूत प्रस्तुत करने को कहा, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बहस के दौरान ट्रंप ने मीडिया और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रस्तावित 1.8 बिलियन डॉलर के ‘एंटी-वेपनाइज़ेशन’ फंड का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य उन लोगों को राहत और मुआवजा देना था, जो मानते हैं कि पिछली सरकार ने उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया।
ट्रंप ने कहा, “इस फंड के तहत निष्पक्ष और समझदार लोगों का एक समूह बनाया जाना था, जो हर मामले की अलग-अलग समीक्षा करता।”
उन्होंने आगे मीडिया और बाइडेन प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा, “आप जैसे लोग—फर्जी और बेईमान प्रेस—और बाइडेन जैसे लोग, जिन्होंने लोगों की ज़िंदगी बर्बाद कर दी। कई ऐसे लोगों को जेल भेजा गया जिन्होंने कोई अपराध नहीं किया था।”
हालांकि, वेल्कर ने ट्रंप के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कई दावों के समर्थन में कोई विश्वसनीय सबूत मौजूद नहीं है। इस पर ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बहुत सारे सबूत हैं। चुनाव में धांधली हुई थी। यह एक भ्रष्ट चुनाव था, और अभी कैलिफोर्निया में भी वही हो रहा है।”
ट्रंप ने दावा किया कि कैलिफोर्निया में वोटों की गिनती में हो रही देरी चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संकेत है। राज्य में मतदान समाप्त होने के कई दिनों बाद भी कई सीटों के परिणाम घोषित नहीं हो पाए थे। इसके जवाब में वेल्कर ने स्पष्ट किया कि कैलिफोर्निया में चुनाव दिवस तक पोस्ट किए गए बैलेट, बाद में पहुंचने पर भी वैध माने जाते हैं और उनकी गिनती की जाती है। इसी कारण वहां मतगणना की प्रक्रिया अक्सर लंबी हो जाती है।
लेकिन ट्रंप इस तर्क से सहमत नहीं हुए। उन्होंने कहा, “वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे चुनाव में धांधली कर रहे हैं।” जब वेल्कर ने उनसे इस आरोप के समर्थन में सबूत मांगे, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “मुझे सिर्फ देखना और सुनना है। लोगों की बातें सुननी हैं, फिर देखते हैं क्या होता है।”
इंटरव्यू के दौरान बढ़ते तनाव और तीखी बहस के बीच ट्रंप ने अंततः अपना माइक्रोफोन उतार दिया और यह कहते हुए बातचीत समाप्त कर दी—”बस, अब बहुत हुआ। शुक्रिया।”
