पॉप स्टार शकीरा की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ फुटबॉल विश्व कप 2026 का आगाज

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पॉप स्टार शकीरा की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ फुटबॉल विश्व कप 2026 का आगाज हो गया। गुरुवार रात मैक्सिको के ऐतिहासिक एज्टेका स्टेडियम में आयोजित भव्य ओपनिंग सेरेमनी में शकीरा और नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय ने फीफा का आधिकारिक गीत ‘डाई-डाई’ गाकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। करीब दो घंटे तक चले रंगारंग कार्यक्रम के बाद फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने हॉलीवुड अभिनेत्री सलमा हायेक की मौजूदगी में विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण किया, जबकि कोलंबियाई स्टार जे बलवीन ने भी अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया।
हालांकि विश्व कप के जश्न के बीच मैक्सिको में विरोध प्रदर्शन भी जारी रहे। शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि तथा बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकार सामाजिक समस्याओं को नजरअंदाज कर विश्व कप आयोजन पर अधिक ध्यान दे रही है।
उधर, टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। मैच का पहला गोल नौवें मिनट में जूलियन क्विनोनेस ने किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान और गोलकीपर रोनवेन विलियम्स की गलती का फायदा उठाते हुए क्विनोनेस ने टूर्नामेंट का पहला गोल दागा। पहले हाफ में दक्षिण अफ्रीका कोई प्रभावी हमला नहीं कर सकी और 1-0 से पीछे रही।
दूसरे हाफ में मैक्सिको ने अपना दबदबा बरकरार रखा। 67वें मिनट में रोबर्टो अल्वाराडो के शानदार क्रॉस पर अनुभवी स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने बेहतरीन हेडर लगाकर बढ़त दोगुनी कर दी। इसके साथ ही मैक्सिको ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली और अंततः 2-0 से जीत दर्ज की।
मौत जैसी चोट से वापसी कर बने हीरो
मैक्सिको की जीत के नायक रहे 35 वर्षीय राउल जिमेनेज का करियर एक समय लगभग समाप्त माना जा रहा था। नवंबर 2020 में इंग्लिश प्रीमियर लीग के दौरान आर्सेनल के डिफेंडर डेविड लुइज से उनकी भयावह टक्कर हुई थी। इस हादसे में उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया था और वह मैदान पर ही बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों को भी संदेह था कि वह दोबारा पेशेवर फुटबॉल खेल पाएंगे या नहीं।
गंभीर चोट के कारण जिमेनेज करीब छह महीने तक ट्रेनिंग से दूर रहे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लंबी रिकवरी और कठिन पुनर्वास प्रक्रिया के बाद आठ महीने में मैदान पर वापसी की। सुरक्षा कारणों से वह आज भी विशेष सुरक्षात्मक हेडबैंड पहनकर खेलते हैं। विश्व कप के उद्घाटन मैच में उनका गोल उनके संघर्ष और जज्बे की एक और मिसाल बन गया।
मुकाबले में दिखे तीन रेड कार्ड
मैच के दौरान रेफरी को तीन बार रेड कार्ड दिखाना पड़ा। दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में दक्षिण अफ्रीका के मिडफील्डर स्पेफेलो सिथोले को ब्रायन गुटिएरेज को पीछे से फाउल करने पर मैदान से बाहर भेज दिया गया। इसके बाद 84वें मिनट में थेम्बा ज्वाने को हिंसक व्यवहार के कारण रेड कार्ड मिला, जिससे दक्षिण अफ्रीका को नौ खिलाड़ियों के साथ मुकाबला खत्म करना पड़ा। इंजरी टाइम में मैक्सिको के सेसर मोंटेस को भी गोल करने का अवसर रोकने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया।
विश्व कप की शानदार शुरुआत, रंगारंग समारोह, मेजबान टीम की जीत और मैदान पर दिखे रोमांचक घटनाक्रमों ने टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों के लिए उत्साह और बढ़ा दिया है।
