पुरुषों के बाद आयरलैंड की महिला टीमने रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को हराया

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आयरलैंड क्रिकेट के लिए यह सप्ताह यादगार बन गया है। पुरुष टीम द्वारा भारत को टी20 मुकाबले में हराने के ठीक 24 घंटे बाद आयरलैंड की महिला टीम ने भी इतिहास रच दिया। महिला टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने पहली बार जीत का स्वाद चखा और वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराकर अपने 21 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले का अंत कर दिया।
2014 में टूर्नामेंट में पदार्पण करने के बाद से आयरलैंड की महिला टीम लगातार 21 मुकाबले हार चुकी थी। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के साथ टीम ने आखिरकार वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला जीत लिया।
वेस्टइंडीज को 128 रन पर रोका
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। कप्तान हेले मैथ्यूज ने 22 और डिएंड्रा डॉटिन ने 21 रन बनाए, जबकि अनुभवी स्टेफनी टेलर 16 रन ही जोड़ सकीं। अंतिम ओवरों में चिनेल हेनरी ने नाबाद 27 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे वेस्टइंडीज का स्कोर 128 रन तक पहुंच सका।
आयरलैंड की ओर से कारा मरे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 2 विकेट लिए। एमी मैगुइर ने भी दो विकेट झटके, जबकि जेन मैगुइर, आर्लीन केली और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट को एक-एक सफलता मिली। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान गैबी लुईस सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद एमी हंटर और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को संभाल लिया।
हंटर ने 32 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 63 रन ठोक दिए। उनकी पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने 143 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज से मैच लगभग छीन लिया। प्रेंडरगास्ट के आउट होने के बाद रेबेका स्टोकेल ने नाबाद 16 रन बनाए और लुईस लिटल ने विजयी चौका लगाकर आयरलैंड को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
आयरलैंड भले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है, लेकिन उसकी इस जीत से ग्रुप समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। अब न्यूजीलैंड यदि अपना आखिरी ग्रुप मैच जीत लेता है तो वह इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम अब अपने दम पर नॉकआउट में नहीं पहुंच सकती। उसे सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए इंग्लैंड से न्यूजीलैंड को हराने की दुआ करनी होगी।
पुरुष टीम ने हाल ही में भारत को टी20 मुकाबले में हराकर इतिहास रचा था और अब महिला टीम ने भी टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज कर देश को जश्न मनाने का एक और बड़ा मौका दे दिया। यह जीत आयरलैंड महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे यादगार सफलताओं में से एक मानी जा रही है।
