विंबलडन में जीत के बाद नोवाक जोकोविच की बेटी तारा के साथ उनकी मजेदार बातचीत वायरल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: 24वें नहीं, 25वें ग्रैंड स्लैम और रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले आठवें विंबलडन खिताब की तलाश में उतरे सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन 2026 के पहले दौर में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। हालांकि, मैच के बाद उनकी जीत से ज्यादा चर्चा उनकी बेटी तारा के साथ जुड़ा एक दिलचस्प पल बटोर ले गया।
मैच जीतने के बाद जोकोविच ने एक बार फिर अपना मशहूर ‘वायलिन बजाने’ वाला सेलिब्रेशन किया। वह अपने टेनिस रैकेट को वायलिन की तरह बजाने की एक्टिंग करते नजर आए। यह सेलिब्रेशन उन्होंने अपनी आठ वर्षीय बेटी तारा को समर्पित किया था, जो असल जिंदगी में वायलिन सीख रही हैं।
पोस्ट-मैच इंटरव्यू के दौरान जोकोविच ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने इस बार भी पिछले साल वाला ही सेलिब्रेशन दोहराया, क्योंकि उनकी बेटी अभी तक उनके लिए कोई नया डांस या सेलिब्रेशन तैयार नहीं कर पाई है।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं अभी भी इंतजार कर रहा हूं। यह काम अभी जारी है। तारा अभी नई कोरियोग्राफी के बारे में सोच रही है। उम्मीद है कि आज का मैच देखकर उसे कुछ नया आइडिया मिलेगा।”
जैसे ही जोकोविच ने यह बात कही, स्टेडियम में मौजूद दर्शक हंस पड़े। कैमरा तुरंत खिलाड़ी बॉक्स में बैठी तारा की ओर घूम गया। अचानक कैमरा अपनी ओर देखकर तारा शर्म से मुस्कुराने लगीं और उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो गया।
जोकोविच ने अपने परिवार की मौजूदगी पर खुशी जताते हुए कहा कि देर रात तक मैच होने के बावजूद उनका परिवार उन्हें सपोर्ट करने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहा। उन्होंने मजाक में कहा कि आज बच्चों के सोने का समय निकल चुका है, लेकिन इस खास मौके पर उन्हें थोड़ी छूट मिल सकती है।
पहले दौर में आसान नहीं रही जीत
सेंटर कोर्ट पर खेला गया मुकाबला जोकोविच के लिए बिल्कुल आसान नहीं था। सातवीं वरीयता प्राप्त जोकोविच को चीन के वू यिबिंग ने कड़ी टक्कर दी। करीब तीन घंटे तक चले मुकाबले में जोकोविच ने 6-4, 5-7, 6-4, 6-4 से जीत दर्ज की।
पहला सेट जीतने के बाद ऐसा लगा कि जोकोविच आसानी से मुकाबला खत्म कर देंगे, लेकिन वू यिबिंग ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद मुकाबला काफी रोमांचक हो गया और जोकोविच को अपनी पूरी अनुभवी खेल क्षमता दिखानी पड़ी।
मैच के बाद जोकोविच ने अपने प्रतिद्वंद्वी की तारीफ करते हुए कहा, “आज का मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण था। वू ने शानदार खेल दिखाया। सच कहूं तो यह मुकाबला पहले दौर जैसा बिल्कुल नहीं लगा।”
इस जीत के साथ जोकोविच ने विंबलडन में अपने करियर का लगातार 21वां पहला दौर जीतने का रिकॉर्ड भी कायम रखा।
अब दूसरे दौर में जोकोविच का सामना ग्रीस के स्टार खिलाड़ी स्टेफानोस सित्सिपास से होगा। पूर्व विश्व नंबर-3 सित्सिपास के खिलाफ यह मुकाबला टूर्नामेंट के शुरुआती दौर का सबसे बड़ा मुकाबला माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों के बीच होने वाली यह टक्कर जोकोविच की खिताबी दावेदारी की पहली बड़ी परीक्षा होगी।
