राज्यसभा उपचुनाव: बीजेपी ने सुष्मिता देव समेत तीन पूर्व TMC सांसदों को बनाया उम्मीदवार

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली/कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पश्चिम बंगाल में 24 जुलाई को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रे और प्रकाश चिक बराइक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
तीनों नेताओं ने पिछले महीने राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी से इस्तीफा दिया था। गुरुवार को उन्हें कोलकाता के साल्ट लेक स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बीजेपी ने बताया ‘विशेष मामला’
बीजेपी पहले यह कह चुकी थी कि टीएमसी नेताओं के लिए पार्टी के दरवाजे बंद हैं। इस पर सवाल उठने पर प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने कहा कि यह फैसला एक “विशेष परिस्थिति” में लिया गया है।
उन्होंने कहा, “हम अपने पुराने रुख पर कायम हैं। लेकिन जिन नेताओं ने भ्रष्टाचार नहीं किया, जनता पर अत्याचार नहीं किया, नौकरियां नहीं बेचीं और लोगों के अधिकार नहीं छीने, उनका पार्टी में स्वागत है। ऐसे लोग तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेंगे।”
सुष्मिता देव ने TMC पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर टीएमसी में शामिल हुईं सुष्मिता देव ने बीजेपी में शामिल होने के बाद अपनी पूर्व पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “टीएमसी में जाने के बाद मुझे एहसास हुआ कि भ्रष्टाचार किस हद तक हो सकता है। मेरे विरोधी मेरी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि मेरा नाम कभी भ्रष्टाचार से जुड़ा रहा।”
पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे ने भी टीएमसी की कार्यप्रणाली की आलोचना की। वहीं समीक भट्टाचार्य ने कहा कि अब इन नेताओं की पुरानी राजनीतिक पहचान मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति का एक राजनीतिक अतीत होता है, लेकिन अब इनकी पहचान सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में है।”
असम की राजनीति में सक्रिय सुष्मिता देव से जब पूछा गया कि उन्होंने बीजेपी की सदस्यता कोलकाता में ही क्यों ली, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी नेतृत्व का था।उन्होंने बताया, “मैं चाहती तो घर बैठे डिजिटल माध्यम से भी पार्टी जॉइन कर सकती थी, लेकिन नेतृत्व ने मुझे कोलकाता आने को कहा। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कहा कि बंगाल की जनता ने मुझे दो बार राज्यसभा भेजा है, इसलिए उनका सम्मान करना चाहिए।”
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुष्मिता देव भविष्य में पूरे देश में पार्टी के लिए काम करेंगी।
24 जुलाई को होंगे राज्यसभा उपचुनाव
निर्वाचन आयोग ने हाल ही में पश्चिम बंगाल की उन तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी, जो सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रे और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं।
अब बीजेपी ने इन तीनों को अपना उम्मीदवार बनाकर राज्यसभा में दोबारा भेजने की तैयारी कर ली है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने गुजरात के मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए सतीशभाई गोविंदभाई पटेल के नाम को भी मंजूरी दे दी है। पार्टी ने उन्हें आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।
