हरारे में भारत की दमदार जीत: वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक, मयंक यादव की शानदार वापसी

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक अर्धशतक और तेज गेंदबाज मयंक यादव की शानदार वापसी के दम पर भारत ने गुरुवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।
भारत ने इस जीत के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सात मैचों से चला आ रहा जीत का इंतजार भी खत्म किया। वहीं, श्रेयस अय्यर को टी20 कप्तान के रूप में पहली जीत मिली।
लगभग नौ महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे मयंक यादव ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट का विकेट लेकर शानदार शुरुआत की। अंपायर ने पहले आउट नहीं दिया, लेकिन भारत के सफल डीआरएस के बाद विकेट मिला।
145 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए मयंक ने दो विकेट झटके और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। प्रिंस यादव ने भी दो विकेट हासिल किए, जबकि रवि बिश्नोई ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया।
भारत की सधी हुई गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 125/7 का ही स्कोर बना सकी। वेस्ली मधेवेरे ने 38, रयान बर्ल ने 26 और तडीवानाशे मारुमानी ने नाबाद 27 रन बनाए।

वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्डतोड़ धमाका
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सिर्फ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।
वैभव ने मात्र 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक था। उन्होंने 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए।
वैभव के आउट होने के बाद ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने लक्ष्य 13.2 ओवर में केवल दो विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम किया।
