16 साल से लापता अभिनेता राज किरण की तलाश में जुटीं सोमी अली

चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता राज किरण के लापता होने का रहस्य आज भी बरकरार है। अब अभिनेत्री सोमी अली ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर लोगों से राज किरण के बारे में जानकारी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 16 वर्षों से उनकी तलाश कर रही हैं और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर से किया अपना वादा निभा रही हैं।
सोमी अली ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने राज किरण के परिवार के लगभग सभी सदस्यों से संपर्क किया, लेकिन उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि निजी जासूसों द्वारा दिए गए पते पर भी वह कई बार पहुंचीं। न्यूयॉर्क के एक अपार्टमेंट में पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि वहां राज किरण नहीं, बल्कि उनके भाई गोविंद और उनका परिवार कई वर्षों तक रहा था।
सोमी ने लिखा, “मैंने चिंटू जी (ऋषि कपूर) से वादा किया था कि मैं राज किरण की तलाश कभी नहीं छोड़ूंगी। यह सिर्फ एक वादा नहीं, बल्कि यह जानने की चिंता भी है कि वह सुरक्षित हैं या कहीं किसी दबाव में तो नहीं रखे गए हैं।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि कोई व्यक्ति राज किरण के वर्तमान ठिकाने—चाहे वह किसी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में हों या किसी अन्य स्थान पर—की प्रमाणिक जानकारी देता है, तो उसे पुरस्कार दिया जाएगा।
इससे पहले भी सोमी अली ने राज किरण को याद करते हुए एक पोस्ट साझा किया था। उन्होंने अपनी आखिरी फिल्म ‘अग्निचक्र’ का जिक्र करते हुए लिखा था कि उनकी यादें आज भी उनके साथ हैं। उन्होंने बताया कि राज किरण के आखिरी संभावित ठिकाने अटलांटा के बारे में सुनने के बाद वह वहां भी कई बार गईं और लोगों से उन्हें खोजने में मदद की अपील की।
कौन हैं राज किरण?
राज किरण ने वर्ष 1975 में बी.आर. इशारा की फिल्म ‘कागज़ की नाव’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘कर्ज’ (1980) और ‘अर्थ’ (1982) जैसी चर्चित फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि 1990 के दशक में फिल्मों के प्रस्ताव कम होने लगे और वह धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से गायब हो गए।
कहां हैं राज किरण? अब तक नहीं मिला जवाब
राज किरण के बारे में वर्षों से अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अमेरिका के अटलांटा स्थित एक संस्थान में रखा गया था। यह जानकारी अभिनेता ऋषि कपूर ने भी अपने एक बयान में साझा की थी।
हालांकि बाद में राज किरण की बेटी ऋषिका ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पिता अटलांटा में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि परिवार कई वर्षों से उनकी तलाश कर रहा है। इसके लिए न्यूयॉर्क पुलिस और निजी जासूसों की भी मदद ली गई, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। ऋषिका ने यह भी स्वीकार किया था कि उनके पिता को लापता होने से पहले मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं थीं।
आज भी राज किरण के लापता होने का मामला रहस्य बना हुआ है। परिवार, उनके मित्र और फिल्म इंडस्ट्री के लोग अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि एक दिन उनकी सुरक्षित वापसी की खबर मिलेगी।
