कंगना रनौत ने पीएम मोदी से प्रेरित होकर शेयर किया सेल्फी वीडियो, विवादित बयान पर दी सफाई
चिरौरी न्यूज
मुंबई: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इंस्टाग्राम पर एक सेल्फी वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो से प्रेरित होकर इस तरह का वीडियो पोस्ट कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने हाल ही में सीजेपी (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए अपने विवादित बयान पर भी सफाई दी।
वीडियो शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “हमारे पीएम जी से प्रेरणा लेकर सेल्फी वीडियो पोस्ट कर रही हूं। मेरे विचारों पर आपके विचार जरूर बताइए। साथ ही गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं।”
वीडियो में कंगना ने कहा कि उन्होंने सीजेपी के नेतृत्व में हुए नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अशोभनीय व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की मौजूदगी में इस तरह के व्यवहार को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए।
Taking inspiration from our PM ji and posting a selfie video, do let me know your thoughts about my thoughts he he , also aap sab ko Guru Poornima ki hardik shubhkamnaein 🪷🙏 pic.twitter.com/55tc6YAH0q
— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) July 29, 2026
कंगना ने कहा कि समाज में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उनके अनुसार, व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं है कि किसी दूसरे के अधिकारों, भावनाओं या सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी को संवैधानिक और सामाजिक सीमाओं का सम्मान करना चाहिए।
अभिनेत्री ने मीडिया के एक वर्ग पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके बयान के विवादित हिस्से को ही प्रमुखता दी गई, जबकि उन्होंने भारतीय स्टार्टअप्स की सराहना की थी और नीट परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को बधाई भी दी थी। उन्होंने कहा कि उनके आसपास कई मेहनती और जिम्मेदार युवा हैं, जिनमें उनकी टीम और परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
कंगना ने उन लोगों की आलोचना भी की जिन्होंने यह सवाल उठाया कि मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल महिलाओं पर क्यों हो। उन्होंने कहा कि अनुशासन और सामाजिक सीमाओं का पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने कुछ लोगों को “फेमिनाज़ी” बताते हुए आरोप लगाया कि वे युवाओं को आत्मविकास और जिम्मेदारी की बजाय गलत दिशा में ले जा रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने लोगों से अपने गुरुजनों की शिक्षाओं का पालन करने और बेहतर इंसान बनने का आग्रह किया।
कंगना रनौत का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब सोशल मीडिया पर उनकी और सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के बीच तीखी बयानबाजी जारी है। हाल ही में सौरव दास ने दावा किया था कि कंगना को उनकी अपनी पार्टी में भी गंभीरता से नहीं लिया जाता। इसके जवाब में कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ के जरिए सौरव दास की योग्यता पर सवाल उठाए और उन्हें “बेकार और बेरोजगार” बताते हुए राजनीति में आने से पहले अपनी उपलब्धियों का जिक्र किया।
गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद से कंगना रनौत और सीजेपी नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर लगातार बयानबाजी जारी है। हालांकि प्रदर्शन समाप्त हो चुके हैं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद अभी भी थमता नजर नहीं आ रहा है।
