Toxic Trailer: यश का दिखा KGF वाला रौद्र अंदाज, 1980 के दशक के गोवा में छिड़ी खतरनाक जंग
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर सामने आते ही फिल्म के एक्शन, विजुअल्स और यश के दमदार अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
ट्रेलर में यश एक बार फिर अपने ‘KGF’ वाले रेबेल अंदाज की याद दिलाते हैं। 1980 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर सेट इस कहानी में उनका किरदार अकेले ही कई दुश्मनों से भिड़ता दिखाई देता है। गोलियों की बौछार, धमाके, खून-खराबा और जबरदस्त हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट से भरपूर ट्रेलर फिल्म के डार्क और इंटेंस टोन की झलक देता है।
डबल रोल में नजर आएंगे यश
फिल्म का निर्देशन Geetu Mohandas ने किया है। Toxic में यश डबल रोल में नजर आएंगे। वह राया और रूमी नाम के दो किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में कियारा आडवाणी नादिया, हुमा कुरैशी एलिजाबेथ, नयनतारा गंगा, तारा सुतारिया रेबेका और रुक्मिणी वसंत मेलिसा की भूमिका में नजर आएंगी।
ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म में इन किरदारों के बीच रिश्तों, सत्ता, अपराध और हिंसा की एक जटिल कहानी देखने को मिलेगी।
Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups की शूटिंग एक साथ कन्नड़ और अंग्रेजी भाषाओं में की गई है। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम समेत कई अन्य भाषाओं में डब करके रिलीज किया जाएगा। इससे साफ है कि मेकर्स फिल्म को सिर्फ भारतीय दर्शकों तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।
फिल्म की मुख्य शूटिंग अगस्त 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच हुई। इसकी शूटिंग बेंगलुरु, मुंबई, गोवा, तूतीकोरिन और जयपुर जैसे शहरों में की गई है।
हॉलीवुड की ‘John Wick’ टीम ने संभाला एक्शन
Toxic की तकनीकी टीम भी बेहद खास है। फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विजेता सिनेमैटोग्राफर राजीव रवि, म्यूजिक कंपोजर रवि बसरूर, एडिटर उज्ज्वल कुलकर्णी और प्रोडक्शन डिजाइनर टीपी आबिद जैसे नाम शामिल हैं।
फिल्म के एक्शन सीक्वेंस को हॉलीवुड के मशहूर स्टंट एक्सपर्ट जे.जे. पेरी ने डिजाइन किया है, जो John Wick फ्रेंचाइजी के लिए भी काम कर चुके हैं। उनके साथ भारत के चर्चित स्टंट डायरेक्टर जोड़ी अनबरीव और केचा खम्फाकडी भी एक्शन कोरियोग्राफी का हिस्सा हैं।
फिल्म का नया गाना Manamohaka हाल ही में रिलीज हुआ है। इसमें यश, तारा सुतारिया और कियारा आडवाणी नजर आ रहे हैं। गाना इन तीनों किरदारों के बीच मौजूद जटिल रिश्तों और भावनात्मक समीकरणों को सामने लाता है।
इससे पहले फिल्म का पहला गाना Tabaahi रिलीज हुआ था, जिस पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। खासतौर पर यश और कियारा की केमिस्ट्री और फिल्म में अंतरंग दृश्यों के चित्रण को लेकर दर्शकों की अलग-अलग राय सामने आई थी।
26 अगस्त को दुनियाभर में रिलीज होगी फिल्म
Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups का निर्माण वेंकट के. नारायण और यश ने KVN Productions और Monster Mind Creations के बैनर तले किया है।
फिल्म को दुनियाभर के सिनेमाघरों में 26 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर में नजर आए भव्य एक्शन, डार्क विजुअल्स और यश के रेबेल अवतार को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
