कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में न्योता नहीं मिलने पर मिथुन चक्रवर्ती का तंज, ‘मैं बहुत छोटा कलाकार हूं, शायद इसलिए नहीं बुलाया’

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में आमंत्रित नहीं किए जाने पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने आयोजकों पर तंज कसा है। उन्होंने बंगाल में नहीं बुलाए जाने की तुलना मॉस्को फिल्म फेस्टिवल से मिले निमंत्रण से करते हुए अपनी नाराजगी व्यंग्यात्मक अंदाज में जाहिर की।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में मिथुन ने कहा कि उन्हें कोलकाता फिल्म फेस्टिवल का निमंत्रण नहीं मिला। उन्होंने कहा, “मैं अब मॉस्को जा रहा हूं। शायद वहां वे मुझे बुलाएंगे। वे मुझे मॉस्को फिल्म फेस्टिवल में आमंत्रित कर रहे हैं। लेकिन यहां बंगाल में मुझे नहीं बुलाया गया।”
मिथुन ने अपने अंदाज में खुद पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा, “मैं बहुत छोटा कलाकार हूं, शायद इसलिए नहीं बुलाया।” उनके इस बयान को कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में न्योता न मिलने को लेकर उनका तंज माना जा रहा है।
मिथुन चक्रवर्ती इन दिनों कोलकाता में महान अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती से जुड़े एक कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंचे थे। उत्तम कुमार की 100वीं जयंती के मौके पर सालभर चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
बंगाली सिनेमा के महान सितारे थे उत्तम कुमार
उत्तम कुमार का जन्म 3 सितंबर 1926 को अरुण कुमार चटर्जी के रूप में हुआ था। शुरुआती दौर में उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हुईं, जिसके चलते उन्हें ‘फ्लॉप मास्टर जनरल’ तक कहा गया। 1952 में आई ‘बसु परिवार’ ने उनके करियर को नई दिशा दी, जबकि 1953 की ‘साढ़े चौहत्तर’ ने उन्हें बड़े स्टार के रूप में स्थापित कर दिया।
अभिनेत्री सुचित्रा सेन के साथ उनकी जोड़ी बंगाली सिनेमा की सबसे यादगार जोड़ियों में शामिल हुई। 1967 में उत्तम कुमार को ‘एंथनी फिरिंगी’ और ‘चिड़ियाखाना’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। वह इस पुरस्कार के पहले विजेता थे।
24 जुलाई 1980 को महज 53 वर्ष की उम्र में उत्तम कुमार का निधन हो गया था। इसके बावजूद बंगाली सिनेमा में उनकी लोकप्रियता आज भी कायम है। वर्कफ्रंट की बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती जल्द ही रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनका कैमियो बताया जा रहा है और यह फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है।
