‘जेलर 2’ के ‘अला बोलेलो’ गाने के प्रोमो पर मचा बवाल, मलयालम उच्चारण को लेकर उठे सवाल

Uproar over the promo of the song ‘Ala Bolelo’ from ‘Jailer 2’; questions raised regarding the Malayalam pronunciation.चिरौरी न्यूज

मुंबई: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ के सीक्वल का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। इसी बीच फिल्म के गाने ‘अला बोलेलो’ का 32 सेकंड का प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें रजनीकांत के साथ अभिनेत्री शमना कासिम नजर आ रही हैं।

गाने का पूरा वर्जन 21 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। हालांकि, प्रोमो सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। गाने के बोलों में कई मलयालम शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन कुछ मलयाली सोशल मीडिया यूजर्स ने इनके उच्चारण पर आपत्ति जताई है।

मलयालम उच्चारण को लेकर नाराजगी

गाने के प्रोमो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा कि अगर गानों या डायलॉग में मलयालम का इस्तेमाल किया जा रहा है तो उसका उच्चारण सही होना चाहिए। यूजर ने दावा किया कि खासकर ‘ला’ ध्वनि के गलत उच्चारण से मलयाली दर्शकों को परेशानी हो सकती है और यह उनकी भाषा के प्रति असम्मानजनक लग सकता है।

एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि गाने के लिए ऐसे गीतकार और गायक को चुना जाना चाहिए, जिन्हें मलयालम भाषा की अच्छी समझ हो।सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि गाने में इस्तेमाल किया गया उच्चारण वास्तविक मलयालम जैसा नहीं लगता।

हालांकि, गाने को लेकर आई आलोचनाओं के बावजूद ‘अला बोलेलो’ के प्रोमो को दर्शकों के एक बड़े वर्ग से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली है। शमना कासिम पारंपरिक कसावु साड़ी में डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि प्रोमो के आखिर में रजनीकांत की हल्की सी झलक दिखाई देती है।

रजनीकांत की मौजूदगी की छोटी सी झलक ने ही फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है। अब दर्शकों को 21 अगस्त को गाने के पूरे वर्जन का इंतजार है।

अनिरुद्ध ने दिया संगीत

‘जेलर 2’ के संगीत की जिम्मेदारी एक बार फिर अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है। गाने के बोल अरुणराजा कामराज, निरंजना रमन, अपर्णा हरिकुमार और दीप्ति सुरेश ने लिखे हैं। फिल्म का निर्देशन और लेखन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। इसे सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन ने प्रोड्यूस किया है। ‘जेलर’ की सफलता के बाद रजनीकांत की इस फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है। ‘जेलर 2’ में एक बार फिर रजनीकांत अपने दमदार अंदाज में नजर आएंगे।

फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब गाने के प्रोमो पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया के बीच देखना होगा कि पूरा ‘अला बोलेलो’ गाना दर्शकों के बीच कैसा प्रभाव छोड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *