रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन के अर्धनग्न ड्रेस पर विवाद, सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया
चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन एक नए रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। विज्ञापन में कृति आधुनिक अंदाज के आउटफिट में नजर आ रही हैं, जिसे लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई है। वहीं, विज्ञापन में पेट डॉग को राखी बांधने के दृश्य ने भी बहस छेड़ दी है।
विज्ञापन में कृति ऑफ-व्हाइट ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने दिखाई देती हैं। रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के लिए उनके इस मॉडर्न लुक को कुछ यूजर्स ने अनुचित बताया और ब्रांड पर भारतीय त्योहार की गरिमा को कम करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन के एक दृश्य में कृति अपने पेट डॉग को भी राखी बांधती नजर आती हैं। बताया गया है कि डॉग के भौंकने के बाद कृति उसे राखी बांधती हैं और इस तरह उसे भी परिवार के उत्सव में शामिल करती हैं। इस कॉन्सेप्ट को भी कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पसंद नहीं किया।
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने कृति के पहनावे पर सवाल उठाते हुए इसे रक्षाबंधन जैसे त्योहार के लिए बेहद आपत्तिजनक बताया। एक अन्य यूजर ने लिखा कि विज्ञापन में पारंपरिक त्योहार को आधुनिक तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है, लेकिन इससे त्योहार की मूल भावना प्रभावित होती दिखाई देती है।
कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि विज्ञापन में पारंपरिक पूजा की थाली और तिलक जैसे रक्षाबंधन से जुड़े प्रतीकों को क्यों नहीं दिखाया गया। वहीं, कुछ टिप्पणियों में पेट डॉग को राखी बांधने के कॉन्सेप्ट पर भी नाराजगी जताई गई।
हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं नकारात्मक नहीं हैं। विज्ञापन को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और कुछ लोग इसे त्योहार को नए और आधुनिक अंदाज में पेश करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।
कृति सेनन ने फिलहाल इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।
