कजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026, 19 साल की उम्र में रचा इतिहास

Kaziah Liz Mejo crowned Miss Universe India 2026; makes history at age 19.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: केरल के मवेलिक्कारा की रहने वाली 19 वर्षीय कज़िया लिज़ मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर में रविवार को आयोजित ग्रैंड फिनाले में कज़िया ने 52 प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रीय ताज जीता। अब वह नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सतवलेकर सेकंड रनर-अप बनीं। अनुश्री को मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 का खिताब भी मिला।

कौन हैं कज़िया लिज़ मेजो?

कज़िया लिज़ मेजो कानून की छात्रा होने के साथ-साथ मॉडल भी हैं। हालांकि मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है, लेकिन वह इससे पहले भी कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं।

कज़िया ने महज 17 साल की उम्र में मिस टीन दिवा 2024 का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने मिस टीन इंटरनेशनल 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और फर्स्ट रनर-अप रहीं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का खिताब जीता और राज्य की सबसे कम उम्र की टाइटल होल्डर बनीं।

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतकर कज़िया इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिताब को जीतने वाली पहली केरलवासी भी बन गई हैं। 2007 में जन्मीं कज़िया का बचपन अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात में बीता। उन्होंने Emirates National School, St Joseph’s School और Abu Dhabi Indian School से पढ़ाई की।

फिलहाल वह कानून की पढ़ाई कर रही हैं और मॉडलिंग के साथ अपने पेजेंट करियर को आगे बढ़ा रही हैं। कज़िया सिर्फ पेजेंट और मॉडलिंग तक सीमित नहीं हैं। मिस टीन दिवा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने 12 वर्षों तक शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण लिया है। इसके अलावा वह गायन करती हैं और ड्रम व वायलिन भी बजा सकती हैं।

उन्होंने पब्लिक स्पीकिंग और एक्टिंग में भी हाथ आजमाया है। कज़िया ने मलयालम फिल्म ‘शाइलॉक’ से अभिनय की शुरुआत की थी।

सुष्मिता सेन की जूरी ने चुना नया विजेता

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का फिनाले खास रहा, क्योंकि जूरी में भारतीय पेजेंट जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल थीं। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने जूरी का नेतृत्व किया। उनके साथ पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली भी पैनल का हिस्सा थीं।

पिछले साल मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस साल वह राष्ट्रीय फिनाले में वापस आईं और नई विजेताओं को ताज पहनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *