‘मुझे पता है किसने, कब और कितने पैसे दिए’: नोरा फतेही ने गाने के विवाद पर इंफ्लुएंसर्स को घेरा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: फिल्म KD: The Devil के गाने ‘Sarke Chunar Teri Sarke’ को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गाने के बोल और विजुअल्स पर आपत्ति के बीच अब नोरा फतेही ने एक बार फिर पूरे मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे विवादों से निपटने के लिए अब काफी मजबूत हो चुकी हैं और उन्हें पहले से अंदाजा था कि इस मुद्दे को लेकर कुछ इंफ्लुएंसर्स एक जैसी बातें करेंगे।
ड्रीम विद डॉ. शीन पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान नोरा ने कुछ इंफ्लुएंसर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पता है कि किसने उन्हें काम दिया, कब दिया और इसके लिए कितने पैसे दिए गए। नोरा ने आरोप लगाया कि किसी ने इस पूरे विवाद को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि वह तीन दिनों तक गाने की शूटिंग करती रहीं और उस समय उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे चलकर मामला इतना बढ़ जाएगा। विवाद सामने आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी।
‘मैंने इस गाने के हिंदी वर्जन के लिए शूट नहीं किया’
नोरा ने बताया कि उन्होंने यह गाना करीब तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था। उनके मुताबिक, उन्होंने फिल्म और बड़े कलाकारों के साथ काम करने के कारण इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भरी थी।
उन्होंने कहा कि वह कन्नड़ भाषा नहीं समझती हैं और इसलिए शूटिंग के दौरान उन्हें टीम द्वारा दी गई जानकारी पर भरोसा करना पड़ता है। नोरा के मुताबिक, बाद में गाने का हिंदी में रूपांतरण किया गया, लेकिन इसके बोल और डबिंग के लिए उनसे किसी तरह की अनुमति या मंजूरी नहीं ली गई।
अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हिंदी वर्जन के लिए शूटिंग नहीं की थी और उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं थी।
लॉन्च पर ही जताई थी आपत्ति
नोरा ने बताया कि गाने के लॉन्च के दौरान जब उन्होंने कन्नड़ वर्जन देखा तो उन्हें इसमें इस्तेमाल की गई तस्वीरों पर आपत्ति हुई। उनके अनुसार, लिरिकल वीडियो में उनकी कुछ ऐसी तस्वीरें इस्तेमाल की गई थीं जो उन्हें पसंद नहीं आईं। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में उनकी और संजय दत्त की AI तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था।
नोरा ने बताया कि उन्होंने मौके पर अपनी नाराजगी जाहिर की और बाद में हिंदी वर्जन देखने के बाद उन्हें अंदाजा हो गया था कि इसे लेकर विवाद हो सकता है। उन्होंने निर्देशक से भी अपनी आपत्ति जाहिर की और खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस गाने का कहीं प्रमोशन नहीं किया और निर्माताओं से साफ कहा था कि उनकी छवि और प्रतिष्ठा दांव पर है।
नोरा ने कलाकारों की स्थिति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कलाकारों के पास कई बार अपने काम और इमेज को लेकर बहुत कम नियंत्रण होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे मामलों में फिल्म निर्माता और प्रोड्यूसर जवाबदेही तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि कलाकारों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए। नोरा ने यह भी कहा कि भविष्य में वह ऐसे मामलों को लेकर और ज्यादा सतर्क रहेंगी। नोरा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी स्पष्ट किया कि वह इस गाने का समर्थन नहीं करती हैं। उन्होंने लोगों से गाना शेयर करना बंद करने की अपील करते हुए कहा कि इसे शेयर करने से अनजाने में उसे और ज्यादा प्लेटफॉर्म मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस विवाद को उनके चरित्र पर सवाल उठाने के अवसर के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
गाने के खिलाफ शिकायत भी दर्ज
गाने को लेकर शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बोल और डांस सीक्वेंस अश्लील और यौन संकेत देने वाले हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि ऑनलाइन उपलब्ध होने के कारण यह सामग्री नाबालिगों तक भी आसानी से पहुंच सकती है।
शिकायत में गाने से जुड़े गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम, संगीतकार अर्जुन जयन और गायिका मंगली का नाम भी सामने आया है। शिकायतकर्ता ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294, POCSO एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की संभावना जताई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में अलग से शिकायत किए जाने की बात भी कही गई है।
‘Sarke Chunar Teri Sarke’ को मंगली ने गाया है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जयन्या ने दिया है। यह गाना कन्नड़ फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है।
प्रेम के निर्देशन में बनी इस एक्शन-क्राइम फिल्म में ध्रुव सरजा, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और रीश्मा नानैया प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें काली नाम के एक छोटे अपराधी के अंडरवर्ल्ड में पहुंचने की कहानी दिखाई गई है।
