नेपाल में अचानक आई बाढ़ में 105 भारतीय लापता; 16 की मौत; बिहार, यूपी बॉर्डर पर अलर्ट

105 Indians missing and 16 dead in flash floods in Nepal; alert issued for Bihar-UP border.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: बुधवार को तिब्बत बॉर्डर के पास नेपाल के उत्तरी रसुवा ज़िले में अचानक आई ज़बरदस्त बाढ़ में लगभग 400 लोग लापता हो गए, जिनमें कम से कम 105 भारतीय शामिल हैं। इस बाढ़ में 16 लोगों की मौत की खबर है और इसने घरों, गाड़ियों, पुलों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइटों को बहा दिया। इस आपदा के कारण बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि नेपाल से इसकी सीमा लगती है और बाढ़ का पानी नीचे की ओर बढ़ रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की तरफ से भोटे कोशी नदी में पानी का तेज़ बहाव आया, जिससे तिमुरे और स्याप्रु बेसी बुरी तरह प्रभावित हुए। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्यारोंग बॉर्डर क्रॉसिंग के पास तिब्बत में भी मडस्लाइड (कीचड़ का बहाव) हुई, जिससे लोग हताहत हुए और लापता हो गए।

अचानक आई इस बाढ़ का कारण अभी साफ नहीं है। नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान विभाग का कहना है कि रसुवा में भारी बारिश के कारण ऐसा होने की संभावना कम है, जबकि सैटेलाइट तस्वीरों में तिब्बत की तरफ काफी बारिश दिखाई दी है। ‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की संभावना की जांच कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इलाके में नदियों का उग्र रूप दिखाई दे रहा है, जिसमें एक वीडियो में बाढ़ का पानी एक पुल को बहा ले जाते हुए दिख रहा है। एक अन्य वीडियो में एक घर ताश के पत्तों की तरह ढहता हुआ दिख रहा है, जबकि बैकग्राउंड में लोग चीखते-चिल्लाते और घबराहट में भागते हुए नज़र आ रहे हैं।

नेपाल सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन जिन जगहों पर बाढ़ का पानी ज़्यादा था, वहां हेलीकॉप्टर नहीं उतर पाए। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तिब्बत में लापता लोगों की व्यापक खोज और दूसरी आपदाओं को रोकने के लिए बेहतर निगरानी और शुरुआती चेतावनी प्रणालियों की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।

भारत में, बिहार सरकार ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने ज़िलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की और गंडक और कोसी नदी प्रणालियों से सटे ज़िलों के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया।

नेपाली विदेश मंत्री ने स्थानीय मीडिया की शुरुआती रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि भूकंप के कारण हिमस्खलन (एवलांच) हुआ, जिससे रसुवा में अचानक बाढ़ आई। यह इस अचानक आई आपदा का एक नया संभावित कारण हो सकता है।

माना जा रहा है कि हिमस्खलन के कारण पानी और मलबे का ज़बरदस्त बहाव नीचे की ओर आया, जिससे गांवों, सड़कों, पुलों और पनबिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा। रसुवा के चीफ़ डिस्ट्रिक्ट ऑफ़िसर नरेंद्र परियार ने बताया कि अधिकारियों को गांवों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट वाली जगहों के बह जाने की ख़बरें मिली हैं, हालांकि नुकसान का दायरा तुरंत साफ़ नहीं हो पाया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, परियार ने कहा, “काफ़ी जान-माल का नुकसान हो सकता है।”

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, तिब्बत सीमा के पास स्थित बाज़ार ‘तिमुुरे बाज़ार’ और पास के कस्टम्स इलाके को भारी नुकसान पहुँचा है; यहाँ कई गाड़ियाँ और सामान बह गए। रसुवागढ़ी में बना ‘फ्रेंडशिप ब्रिज’ भी बह गया, जिसे पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ के बाद दोबारा बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *