अजय देवगन ने फूल और कांटे फिल्म के डायरेक्टर कू कू कोहली को श्रद्धांजलि दी, विक्की-कैटरीना अंतिम संस्कार में शामिल हुए
चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 25 अगस्त को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें दो दिन पहले हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कुकू कोहली के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। बुधवार को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री अरुणा ईरानी अंतिम विदाई देने पहुंचीं। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आईं। अभिनेत्री के साथ विक्की कौशल, कैटरीना कैफ और शरवरी भी मौजूद रहीं और उन्होंने इस मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया।
अजय देवगन ने दी भावुक श्रद्धांजलि
कुकू कोहली ने 1991 की फिल्म ‘फूल और कांटे’ से अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया था। अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्ममेकर को याद करते हुए भावुक पोस्ट लिखा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग हमारी जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देते हैं और कुकू जी उनके लिए ऐसे ही व्यक्ति थे। अजय ने कुकू कोहली द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह उन्हें हमेशा याद करेंगे।
अनुपम खेर ने भी किया याद
अभिनेता अनुपम खेर ने भी कुकू कोहली के निधन पर दुख जताया। उन्होंने उन्हें एक बेहतरीन निर्देशक के साथ-साथ बेहद अच्छे इंसान के रूप में याद किया।
अनुपम खेर के मुताबिक, कुकू कोहली बेहद सरल, सौम्य, मददगार और सभी का सम्मान करने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र निर्देशक बनने से पहले भी उन्हें कुकू के साथ काम करने का मौका मिला था, जब वह राहुल रवैल से जुड़े हुए थे। खेर ने कहा कि उस समय भी कुकू की प्रतिभा, समर्पण और गर्मजोशी साफ नजर आती थी।
उन्होंने अरुणा ईरानी और कुकू कोहली के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत फिल्ममेकर की आत्मा की शांति की कामना की।
अजय देवगन को दिया था पहला बड़ा ब्रेक
कुकू कोहली का हिंदी सिनेमा में अहम योगदान रहा। उन्होंने 1991 में ‘फूल और कांटे’ का निर्देशन किया, जिससे अजय देवगन ने बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म में अजय देवगन का बाइक पर दो पैरों के साथ खड़े होकर किया गया एंट्री स्टंट काफी चर्चित हुआ था और फिल्म ने उन्हें रातोंरात पहचान दिलाई।
इसी साल कुकू कोहली ने ‘कोहराम’ का भी निर्देशन किया था। इसके बाद उन्होंने 1994 में अजय देवगन के साथ दोबारा काम किया और ‘सुहाग’ बनाई। इस फिल्म में अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
कई चर्चित फिल्मों का किया निर्देशन
कुकू कोहली ने अपने करियर में ‘हकीकत’ (1995), ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘जुल्मी’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी आखिरी फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ थी, जो 2004 में रिलीज हुई।
कुकू कोहली अपने पीछे पत्नी अभिनेत्री अरुणा ईरानी और पहली पत्नी रीटा कोहली से उनकी दो बेटियों पूजा और करिश्मा को छोड़ गए हैं।
कुकू कोहली का जाना हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है। खास तौर पर अजय देवगन के करियर को दिशा देने में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी।
