अरबाज पटेल ने निक्की तंबोली पर लगाया अफेयर का आरोप? एक्ट्रेस की पोस्ट से मचा हंगामा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मुंबई: टीवी और रियलिटी शो की चर्चित जोड़ी अरबाज पटेल और निक्की तंबोली एक बार फिर सुर्खियों में है। अरबाज की एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर नई अटकलें तेज हो गई हैं। अरबाज ने अपनी पोस्ट में पार्टनर को धोखा देने और फिर घर लौटकर प्यार का इजहार करने को लेकर तीखी बात कही। इसके कुछ ही समय बाद निक्की ने भी एक ऐसी पोस्ट शेयर की, जिसे अरबाज के बयान का जवाब माना जा रहा है।
अरबाज ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर लिखा कि अपने पार्टनर को धोखा देकर घर लौटना और उसकी आंखों में देखकर यह कहना कि आप उससे प्यार करते हैं, बेइज्जती की एक अलग ही हद है। अरबाज ने पोस्ट के अंत में लिखा, “मैंने जो कहना था, कह दिया।”
हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में निक्की का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कयास लगाना शुरू कर दिया कि उनका इशारा निक्की की तरफ है।
निक्की ने भी शेयर किया ‘क्रिप्टिक’ पोस्ट
अरबाज के पोस्ट के बाद निक्की ने भी एक नोट शेयर किया, जिसे उनके पक्ष की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। निक्की ने लिखा कि अफेयर सिर्फ इसलिए नहीं होता क्योंकि कोई नया व्यक्ति बेहद आकर्षक है, बल्कि कई बार ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पुराने रिश्ते में मौजूद व्यक्ति अपने वादों का सम्मान करना बंद कर देता है। निक्की ने भी अरबाज का नाम नहीं लिया, लेकिन दोनों पोस्ट की टाइमिंग ने सोशल मीडिया पर चर्चा को और हवा दे दी है।
इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो
अरबाज और निक्की ने आधिकारिक तौर पर अपने रिश्ते के खत्म होने की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, दोनों के एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने की खबरों ने ब्रेकअप की अटकलों को और मजबूत कर दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच वास्तव में क्या हुआ है। दोनों की ओर से लगाए गए आरोपों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल पहली बार ‘बिग बॉस मराठी 5’ के दौरान चर्चा में आए थे। शो में दोनों की नजदीकियां दर्शकों के बीच खूब चर्चा का विषय बनीं। रियलिटी शो खत्म होने के बाद भी दोनों का रिश्ता जारी रहा। बाद में दोनों ‘द 50’ में भी साथ नजर आए। इस शो के दौरान भी दोनों के बीच मजबूत बॉन्ड दिखाई दिया।
