रवि किशन का वायरल मीम लाइन “Money Follows My Brother” अब बनेगा गाना, 11 सितंबर को रिलीज होगा ट्रैक
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार छाए हुए हैं। पिछले करीब एक महीने से उनके इंटरव्यू के वीडियो क्लिप, एक्सप्रेशन और कार्यक्रमों में उनके डांस मूव्स जमकर वायरल हो रहे हैं। अब उनका चर्चित मीम डायलॉग “Money Follows My Brother” आधिकारिक गाने के रूप में रिलीज होने जा रहा है।
रवि किशन ने यह वायरल लाइन राज शमानी के पॉडकास्ट इंटरव्यू में कही थी। अब टी-सीरीज इस वायरल इंटरनेट मीम को म्यूजिक ट्रैक में बदलने जा रही है। यह गाना 11 सितंबर को रिलीज होगा।
जारी हुआ म्यूजिक वीडियो का टीजर
भूषण कुमार और टी-सीरीज ने मंगलवार को म्यूजिक वीडियो की एक झलक जारी की। वीडियो की शुरुआत एक मां और उसके बेटे से होती है। पढ़ाई में दिलचस्पी नहीं रखने वाले बच्चे से उसके भविष्य की योजनाओं के बारे में सवाल किया जाता है।
इसके बाद रवि किशन की आवाज सुनाई देती है और बच्चा उनके अंदाज में लिप-सिंक करता नजर आता है। इसी दौरान रवि किशन की चर्चित पंक्ति भी सुनाई देती है।
वीडियो में कैमरा 360 डिग्री घूमता है और रवि किशन सामने आते हैं। वह अपने वायरल अंदाज में कहते हैं— “नाम या दाम? नाम। Money follows my brother, money follows.”
इंटरनेट पर फिर छाया रवि किशन का अंदाज
रवि किशन पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर मीम फेवरेट बन गए हैं। “Money Follows My Brother” के अलावा उनके पुराने इंटरव्यू और सार्वजनिक कार्यक्रमों के कई वीडियो भी दोबारा वायरल हो रहे हैं।
उनके “कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय” जैसे अंदाज और पुराने वीडियो के कई हिस्सों को सोशल मीडिया यूजर्स मीम्स में इस्तेमाल कर रहे हैं। शुरुआत में कुछ वीडियो क्लिप वायरल हुए, लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने रवि किशन के पुराने वीडियो खंगालने शुरू कर दिए और उनके कई यादगार अंदाज इंटरनेट पर नए मीम्स का हिस्सा बन गए।
अब इसी वायरल लोकप्रियता को देखते हुए “Money Follows My Brother” को आधिकारिक गाने के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसके रिलीज का दर्शकों को 11 सितंबर को इंतजार रहेगा।
