2 अक्टूबर को लौटेगा विजय सालगांवकर का ‘दृश्यम’ वाला खेल, इस बार सामने होंगे नए दुश्मन
चिरौरी न्यूज
मुंबई: अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर बनकर दर्शकों के सामने लौटने वाले हैं। दृश्यम: द कन्क्लूजन में विजय अपने परिवार को बचाने के लिए एक बार फिर कानून और पुलिस के सामने अपनी चालाकी का इस्तेमाल करता नजर आएगा। फिल्म 2 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है और इसे लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह है।
इस बार विजय की मुश्किलें पहले से कहीं ज्यादा बढ़ने वाली हैं। उसके सामने क्राइम ब्रांच के एसपी की भूमिका में जयदीप अहलावत और वकील के किरदार में प्रकाश राज नजर आएंगे। वहीं, पिछली फिल्मों की तरह तब्बू की मीरा देशमुख भी विजय का पीछा करती दिखाई देंगी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अपने परिवार को बचाने के लिए विजय इस बार कितनी दूर तक जाएगा?
24 अगस्त को अजय देवगन ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दृश्यम फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय की आधिकारिक घोषणा की थी। पोस्टर में अजय की आंख का क्लोज-अप नजर आया था। इसके साथ लिखा था, “मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।” यह लाइन विजय सालगांवकर की सोच को बखूबी बयां करती है। उसके लिए परिवार ही उसका सच है और परिवार की हिफाजत के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
टीजर ने पहले ही दे दिया था बड़ा संकेत
दिसंबर 2025 में रिलीज हुए फिल्म के फर्स्ट-लुक टीजर में भी विजय के बदले हुए मानसिक हालात की झलक देखने को मिली थी। अजय देवगन की आवाज में सुनाई देता है कि दुनिया उसे अपराधी, हत्यारा, धोखेबाज, चालाक, मासूम, पिता और मास्टरमाइंड जैसे कई नामों से पुकारती है, लेकिन उसे इससे फर्क नहीं पड़ता।
विजय के मुताबिक, पिछले सात साल में उसने जो कुछ किया, देखा और दिखाया, उससे उसने एक बात समझी है—हर इंसान का अपना सच और अपना अधिकार होता है। उसका सच और अधिकार उसका परिवार है। जब तक खतरा खत्म नहीं होता, वह अपने परिवार के लिए दीवार और चौकीदार बनकर खड़ा रहेगा।
इस बार और पेचीदा होगी विजय की कहानी
दृश्यम: द कन्क्लूजन की कहानी एक ऐसे साधारण परिवार वाले शख्स विजय सालगांवकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक हत्या के बाद अपने परिवार को कानून के शिकंजे से बचाने के लिए अपनी बुद्धि और रणनीति का इस्तेमाल करता है। अब कहानी के अगले और अंतिम अध्याय में विजय के सामने नए किरदार और नई चुनौतियां होंगी। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और श्रिया सरन अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगी। वहीं, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री कहानी में नया ट्विस्ट लाने वाली है।
फिल्म को स्टार स्टूडियोज18 और पैनोरमा स्टूडियोज सपोर्ट कर रहे हैं, जबकि निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सालगांवकर अपने ‘पहले से मशहूर’ अपराध का राज इस बार किस नई तरकीब से छिपाता है और क्या परिवार को बचाने की उसकी आखिरी बाजी कामयाब होगी।
