लाइफस्टाइल

सिल्वरस्टोन में अजित कुमार की रेस देखते तमिलनाडु सीएम विजय और तृषा का वीडियो वायरल

A video of Tamil Nadu CM, Vijay, and Trisha watching Ajit Kumar's race at Silverstone has gone viral.
(Screengrab/X video)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय इन दिनों लंदन में हैं, जहां उन्होंने सिल्वरस्टोन सर्किट में अभिनेता और रेसिंग स्टार अजित कुमार की रेस का लुत्फ उठाया। विजय के साथ अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी नजर आईं। इस दौरान अजित और विजय की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पूर्व अभिनेता विजय ने शनिवार को ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में अभिनेता और रेसिंग स्टार अजित कुमार से मुलाकात की। अजित यहां Michelin Le Mans Cup की रेस में हिस्सा लेने पहुंचे थे। विजय के साथ अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी मौजूद थीं।

रेसिंग सर्किट से सामने आए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में अजित कुमार विजय का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई देते हैं।

दोनों सितारों की इस मुलाकात ने उनके प्रशंसकों का खासा ध्यान खींचा। तमिल सिनेमा के दो बड़े नामों को एक साथ देखकर सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

तृषा भी सिल्वरस्टोन पहुंचीं

अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी अजित की रेस देखने सिल्वरस्टोन पहुंचीं। वह जींस,टी-शर्ट और मैरून जैकेट पहने सर्किट पर पहुंचीं और इसके बाद रेसिंग इवेंट के टेंट की ओर जाती नजर आईं।

इससे पहले लंदन में तृषा की मुलाकात दिग्गज अभिनेत्री राधिका सरथकुमार से भी हुई। राधिका ने सोशल मीडिया पर तृषा के साथ सेल्फी साझा की। वह अजित का समर्थन करने के लिए लंदन पहुंची हैं और सिल्वरस्टोन राउंड से पहले अजित से भी मुलाकात कर चुकी हैं।

विजय और तृषा का फिल्मी रिश्ता काफी पुराना है। दोनों ने पहली बार 2004 की फिल्म ‘घिल्ली’ में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों ‘थिरुपाची’, ‘आथी’, ‘कुरुवी’ और ‘लियो’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आए।

इन फिल्मों के चलते विजय और तृषा तमिल सिनेमा की चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में शामिल हो गए। दोनों की दोस्ती और साथ में नजर आने को लेकर समय-समय पर उनके रिश्ते की अटकलें भी लगती रही हैं, हालांकि दोनों ने इन अफवाहों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।

मई 2026 में विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में भी तृषा मेहमानों में शामिल थीं। वह समारोह में विजय के परिवार के साथ नजर आई थीं और बाद में उनके पहले संबोधन के दौरान भावुक भी दिखाई दीं। उन्होंने विजय की मां शोभा चंद्रशेखर को गले लगाकर अभिवादन किया था।

फिल्मों में भी व्यस्त हैं तृषा

वर्कफ्रंट की बात करें तो तृषा दक्षिण भारतीय सिनेमा में लगातार सक्रिय हैं। उनकी हालिया फिल्मों में ‘विदामुयार्ची’, ‘गुड बैड अग्ली’, ‘ठग लाइफ’ और ‘करुप्पु’ शामिल हैं।

इसके अलावा वह ‘विश्वम्भरा’, ‘राम’ और ‘द्वित्व’ में भी नजर आएंगी। उनकी एक नई तमिल साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म का निर्माण भी हाल ही में शुरू हुआ है। सिल्वरस्टोन में विजय और अजित की गर्मजोशी भरी मुलाकात ने एक बार फिर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के इन दो बड़े सितारों को सुर्खियों में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *