लाइफस्टाइल

‘भाबीजी घर पर हैं’ के एक्टर ईश्वर ठाकुर की हालत गंभीर, ICU में चल रहा इलाज

'Bhabiji Ghar Par Hain' actor Ishwar Thakur in critical condition; undergoing treatment in the ICUचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टीवी एक्टर ईश्वर ठाकुर की तबीयत इन दिनों बेहद गंभीर बताई जा रही है। एक्टर महाराष्ट्र के ठाणे स्थित एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका किडनी के गंभीर इन्फेक्शन का इलाज चल रहा है। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में रखा है। इस मुश्किल समय में परिवार के सामने इलाज के बढ़ते खर्च की चुनौती भी खड़ी हो गई है, जिसके चलते उन्होंने लोगों से आर्थिक मदद की अपील की है।

बुधवार को ईश्वर ठाकुर की बहन जयश्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ईश्वर की हालत काफी नाजुक है और परिवार को इस समय आर्थिक सहयोग की जरूरत है।

जयश्री ने अपनी अपील में लिखा, “मदद के लिए एक विनम्र अपील। मैं ईश्वर ठाकुर की बहन जयश्री हूँ। मेरे भाई की तबीयत अभी बहुत गंभीर है और मैं आपसे मदद के लिए विनम्र अपील कर रही हूँ। मेरे भाई को किडनी का गंभीर इन्फेक्शन हो गया है। पैर में लगी चोट से हुआ इन्फेक्शन पूरे शरीर में फैल गया है।”

उन्होंने आगे बताया कि ईश्वर की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती किया है। जयश्री के मुताबिक, परिवार अब तक उनकी देखभाल और इलाज का खर्च अपनी बचत से उठा रहा था, लेकिन लगातार बढ़ते मेडिकल खर्चों के कारण अब उनके लिए इसे अकेले संभालना मुश्किल हो गया है।

जयश्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमने अब तक अपनी पूरी बचत उनके इलाज में लगा दी है, जितना हम कर सकते थे। हालाँकि, अब हमें अस्पताल में भर्ती होने, दवाओं, टेस्ट और अन्य मेडिकल खर्चों को पूरा करने के लिए तुरंत आर्थिक मदद की जरूरत है। हमारे लिए अकेले इन बढ़ते खर्चों को उठाना बहुत मुश्किल हो गया है।”

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर संभव हो तो वे परिवार की आर्थिक मदद करें। जयश्री ने कहा कि इस मुश्किल दौर में लोगों की ओर से मिलने वाला छोटा-सा सहयोग भी उनके परिवार के लिए बहुत मायने रखेगा। उन्होंने लोगों से जल्द से जल्द, अपनी क्षमता के अनुसार मदद करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *