कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा दूसरी बार बनने वाले हैं माता-पिता, कपल ने शेयर की खुशखबरी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड के चर्चित कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फैंस के साथ एक बड़ी खुशखबरी शेयर की है। कपल ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं।
कियारा और सिद्धार्थ ने एक जॉइंट इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया, जिसमें उनकी बेटी साराया मल्होत्रा के नन्हे हाथ एक जोड़ी छोटी-सी मोजे पकड़े नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ कपल ने लिखा, “एक बार फिर हमें सबसे बड़ा तोहफा मिला है। हमारे दिल प्यार और आभार से भरे हुए हैं।”
पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फैंस के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स ने भी कमेंट कर कपल को बधाइयां दीं।
परिणीति चोपड़ा ने लिखा, “कॉनग्रैट्स guys!” वहीं करीना कपूर ने कमेंट किया, “मम्मी और डैडी फिर से, याय!” रकुल प्रीत सिंह ने लिखा, “ओह wow! ये बहुत प्यारी खबर है, भगवान आशीर्वाद दें।” करण जौहर ने भी प्यार भरा कमेंट किया।
15 जुलाई 2025 को पहली बार बने थे माता-पिता
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 15 जुलाई 2025 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। दोनों के घर बेटी का जन्म हुआ था। बच्चे की डिलीवरी अगस्त में होने की उम्मीद थी, लेकिन बेटी का जन्म तय समय से पहले हो गया।
कियारा को डिलीवरी के लिए मुंबई के गिरगांव स्थित एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मां बनने के बाद खुद में महसूस किया बड़ा बदलाव
कियारा ने अभिनेता और पॉडकास्ट होस्ट राज शमानी के साथ बातचीत में मां बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में खुलकर बात की थी।
उन्होंने बताया था कि मां बनने के बाद उनकी शख्सियत में काफी बदलाव आया है। कियारा के मुताबिक, मां बनने से पहले और उसके बाद वह खुद को एक बिल्कुल अलग इंसान के रूप में महसूस करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि अब उनकी जिंदगी की हर चीज में उन्हें ज्यादा उद्देश्य नजर आता है और वह लगातार इस बारे में सोचती हैं कि वह अपनी बेटी के सामने किस तरह की मिसाल कायम कर रही हैं।
कियारा ने माताओं और गृहिणियों की जिम्मेदारियों पर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि एक मां या गृहिणी जितना काम करती है, उसका अंदाजा लगाना आसान नहीं है। अभिनेत्री ने बताया था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में लगातार काम किया है और लंबे समय तक व्यस्त शेड्यूल में काम करने का अनुभव भी रहा है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के सूर्यगढ़ पैलेस में शाही अंदाज में शादी की थी। दोनों की शादी बॉलीवुड की चर्चित शादियों में शामिल रही।
शादी के करीब दो साल बाद कपल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया और अब दूसरी बार माता-पिता बनने की खबर के साथ दोनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
