लाइफस्टाइल

Bigg Boss 20: नकुल धुल और गुल्लू के बीच हुई हाथापाई, घर से बेघर होने की अटकलें तेज

Bigg Boss 20: Scuffle breaks out between Nakul Dhul and Gullu; speculation intensifies about their possible eviction from the house.चिरौरी न्यूज

मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। हालिया एपिसोड में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल धुल और कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नकुल के घर से बेघर होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब नकुल ने काजी तौकीर को उस घटना का मजाक उड़ाते सुना, जिसमें ‘फेम गुरुकुल’ के विजेता ने साथी कंटेस्टेंट स्काउट के कान में थूक दिया था। काजी इस घटना पर घर के अन्य सदस्यों, जिनमें गुल्लू और माही विज भी शामिल थे, के साथ चर्चा कर रहे थे। बातचीत सुनने के बाद नकुल ने इसकी जानकारी स्काउट को दी।

इसके बाद स्काउट, युंग डीएसए और नकुल ने काजी से इस बारे में सवाल किया। इसी दौरान गुल्लू ने बीच में हस्तक्षेप किया और ऐसी टिप्पणी कर दी, जिससे नकुल नाराज हो गए। बात तब और बिगड़ गई, जब गुल्लू ने नकुल को चुनौती देते हुए पूछा, “भिड़ना है क्या?” इसके बाद नकुल उनकी ओर बढ़े और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। गुल्लू ने भी पलटकर जवाब दिया, जिससे मामला और बढ़ गया।

घटना के बाद माही विज भी गुस्से में नजर आईं। गुल्लू का बचाव करते हुए उन्होंने नकुल से सवाल किया कि वह उनके दोस्त पर हाथ कैसे उठा सकते हैं। उन्होंने नकुल के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए बिग बॉस से उन्हें घर से बाहर निकालने की मांग भी की। वहीं, घर के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।

गौरतलब है कि नकुल और गुल्लू के बीच पहले से ही तनाव की स्थिति बताई जा रही थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर घर में एंट्री करने के बाद से दोनों एक-दूसरे से दूरी बनाए हुए थे। नकुल ने टीवी अभिनेता मनीष गोयल के साथ शो में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी।

आगामी एपिसोड के प्रोमो में नकुल के घर से बाहर होने के संकेत मिले हैं, हालांकि मेकर्स की ओर से उनकी एविक्शन को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले ‘बिग बॉस 20’ का प्रसारण कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे होता है, जबकि इसके एपिसोड जियोहॉटस्टार पर रात 9 बजे स्ट्रीम होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *