लाइफस्टाइल

नेहा शर्मा ने बिना सहमति के AI कंटेंट बनाने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी

Neha Sharma warns legal action to those creating AI content without consent चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अभिनेत्री नेहा शर्मा उन हस्तियों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के गलत इस्तेमाल से बनाई जा रही फर्जी फोटो और वीडियो के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है।

शनिवार को उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की और उन लोगों को चेतावनी दी, जो उनके चेहरे का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड कंटेंट बना रहे हैं।

नेहा ने अपने आधिकारिक X (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) अकाउंट पर लिखा, “जो कोई भी मेरी सहमति के बिना, AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाने के लिए मेरे चेहरे या मेरी जैसी दिखने वाली तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहा है, उसे चेतावनी दी जाती है कि वह तुरंत ऐसा करना बंद कर दे।”

‘क्रूक’ फिल्म की अभिनेत्री ने साफ कर दिया है कि उन्होंने किसी को भी AI कंटेंट बनाने के लिए अपने चेहरे या अपनी जैसी दिखने वाली तस्वीरों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी है। उन्होंने सभी से ऐसा कंटेंट हटाने और भविष्य में भी ऐसा कुछ न करने के लिए कहा है।

उन्होंने आगे लिखा, “जो कंटेंट पहले ही पोस्ट किया जा चुका है, उसे तुरंत हटा दें। मेरी पहचान का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाना, उन्हें एडिट करना या फैलाना बंद करें। मुझे गलत तरीके से पेश करने या मेरी छवि खराब करने के लिए मेरे चेहरे का इस तरह इस्तेमाल करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं अपने चेहरे या अपनी जैसी दिखने वाली तस्वीरों के ऐसे अनधिकृत इस्तेमाल की अनुमति नहीं देती हूँ।”

नेहा ने यह भी चेतावनी दी कि जो कोई भी ऐसा कंटेंट बनाएगा, पोस्ट करेगा या फैलाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “इसे एक औपचारिक चेतावनी समझें: ऐसा कंटेंट बनाने, पोस्ट करने या फैलाने के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति के खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी। किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि फर्जी अकाउंट के पीछे छिपने या AI का इस्तेमाल करने से वे जवाबदेही से बच जाएंगे। इसे तुरंत हटा दें। आपको चेतावनी दी जा चुकी है।”

हाल के दिनों में, फिल्म जगत की कई हस्तियों ने इस बात पर चिंता जताई है कि कैसे AI का इस्तेमाल करके कंटेंट के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *