चिरौरी स्पेशलदेश-प्रदेशनीति राजनीतिहाल फिलहाल

हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को नहीं माना जाएगा नजीर

Supreme Court’s major order on the hijab row: Allahabad High Court’s verdict will not be considered a precedent.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: हिजाब पहनने को इस्लाम में अनिवार्य धार्मिक प्रथा (Essential Religious Practice) नहीं मानने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने मामले में जवाब मांगा है और स्पष्ट किया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को बाध्यकारी नजीर (Precedent) के रूप में नहीं माना जाएगा। साथ ही इस मामले को कर्नाटक हिजाब विवाद से जुड़ी लंबित याचिकाओं के साथ सुनवाई के लिए जोड़ने का निर्देश दिया है।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने 20 नवंबर को मुस्लिम विमेंस स्टडी सर्कल की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अदालत ने कहा कि इस मामले को सिविल अपील संख्या 7095/2022 के साथ टैग किया जाए और इस फैसले को नजीर के तौर पर नहीं माना जाए।

क्या है पूरा मामला?

मामला प्रयागराज के अतरसुइया स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में कक्षा 11वीं में दाखिले से जुड़ा है। मुस्लिम छात्रा सुकैना रिजवी को स्कूल में प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया था, क्योंकि वह निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म के साथ सिर पर हिजाब पहनना चाहती थीं।

इस फैसले को छात्रा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि, 21 अगस्त 2026 को जस्टिस जे.जे. मुनीर और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ला की पीठ ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि मुस्लिम महिलाओं के लिए हिजाब पहनना इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है। अदालत ने यह भी कहा था कि यदि कोई शैक्षणिक संस्थान वास्तविक, गैर-भेदभावपूर्ण और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यूनिफॉर्म लागू करता है, तो छात्र अतिरिक्त कपड़े पहनने की अनुमति की मांग नहीं कर सकते।

याचिका में मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप

मुस्लिम विमेंस स्टडी सर्कल ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को मनमाना और भेदभावपूर्ण बताया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19(1)(a), 21 और 25 के तहत मिले मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है।

याचिका में कहा गया है कि हिजाब पहनने पर रोक मुस्लिम महिलाओं की धार्मिक स्वतंत्रता को प्रभावित करती है और उनकी शिक्षा तक पहुंच में बाधा पैदा करती है। याचिकाकर्ता ने यह भी सवाल उठाया है कि जब अन्य समुदायों के धार्मिक प्रतीकों, जैसे सिखों की पगड़ी, को अलग नजरिए से देखा जाता है, तो मुस्लिम महिलाओं के हिजाब के साथ अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

याचिका में हिजाब को धार्मिक आस्था से जुड़ी प्रथा बताते हुए कुरान की सूरह अन-नूर की आयत 31 और सूरह अल-अहजाब की आयत 59 का हवाला दिया गया है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि इन आयतों में महिलाओं को पर्दा करने और अपने शरीर को ढकने के निर्देश दिए गए हैं। इसलिए केवल इस आधार पर हिजाब को गैर-अनिवार्य नहीं बताया जा सकता कि मुस्लिम समुदाय की कुछ महिलाएं इसका पालन नहीं करती हैं।

याचिका में सुप्रीम कोर्ट के शिरूर मठ और बिजो इमैनुएल मामलों में दिए गए फैसलों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा अयोध्या विवाद से जुड़े एम. सिद्दीक बनाम महंत सुरेश दास मामले का हवाला देते हुए कहा गया है कि संवैधानिक अदालतों को धार्मिक मान्यताओं की अलग-अलग व्याख्याओं के बीच फैसला करने से बचना चाहिए।

याचिकाकर्ता ने हिजाब मामले में Essential Religious Practice यानी अनिवार्य धार्मिक प्रथा की कसौटी के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए हैं। याचिका के अनुसार, इस सिद्धांत की संवैधानिक वैधता पहले से ही सबरीमाला मामले से जुड़ी कार्यवाही में सुप्रीम कोर्ट की नौ जजों की संविधान पीठ के समक्ष विचाराधीन है। ऐसे में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा इस कसौटी के आधार पर फैसला देना उचित नहीं था।

कर्नाटक हिजाब मामले में सुप्रीम कोर्ट का आया था खंडित फैसला

कर्नाटक में हिजाब विवाद के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। अक्टूबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की पीठ ने इस मामले में अलग-अलग फैसले दिए थे। जस्टिस हेमंत गुप्ता ने कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए अपील खारिज कर दी थी, जबकि जस्टिस सुधांशु धूलिया ने अपील स्वीकार करते हुए छात्राओं के पक्ष में फैसला दिया था।

दोनों जजों की अलग-अलग राय के कारण मामला बड़ी पीठ के पास भेज दिया गया था, जहां यह अभी लंबित है।

अब सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को भी इसी लंबित मामले के साथ जोड़ने का निर्देश दिया है। इससे हिजाब और शैक्षणिक संस्थानों में यूनिफॉर्म से जुड़े संवैधानिक सवालों पर आगे की सुनवाई महत्वपूर्ण हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *