खेल खिलाड़ी

शमी ने कहा, भारतीय टीम में वापसी के बारे में नहीं सोचता; टेस्ट से संन्यास लेने की वजह बताई

Dinesh Karthik on Mohammed Shami's return to Team India: "There is no point in going back now."
(File Photo: BCCI/Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत की टीम में वापसी के बारे में सोचना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब वह आने वाले वर्ल्ड कप की गिनती नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनका पूरा ध्यान बंगाल के लिए खेलने और IPL पर है। 36 वर्षीय शमी, जिन्होंने आखिरी बार 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, ने कहा कि टीम चयन का फैसला वह चयनकर्ताओं पर छोड़ते हैं। वह बस जितना भी क्रिकेट उनके अंदर बचा है, उसका आनंद लेना चाहते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या 2027 का वनडे वर्ल्ड कप या 2028 का T20 वर्ल्ड कप उनके प्लान में है, तो शमी ने कहा कि वह अब इतना आगे का नहीं सोच रहे हैं। मुंबई में शमी ने कहा, “मैंने इन सब चीजों की गिनती करना छोड़ दिया है। अब मैं अपने खेल पर ध्यान दे रहा हूं। चयनकर्ता जो भी फैसला लेंगे, वह सही ही होगा। मेरी तरफ से बस यही है कि मैं खेलता रहूं, अपनी लय बनाए रखूं और कम से कम अपनी राज्य टीम (बंगाल) और IPL के लिए खेलता रहूं।”

इस महीने की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले, शमी ने रणजी ट्रॉफी सीजन के शुरुआती मैचों में हिस्सा लिया था। इसके बाद वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में बंगाल की ओर से खेले, जहां गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान से मिली हार के साथ उनका सफर खत्म हो गया।

इस टूर्नामेंट में इस तेज गेंदबाज ने 43 की औसत से 4 विकेट लिए, जबकि रणजी ट्रॉफी के तीन मैचों में उन्होंने 14 की औसत से 14 विकेट चटकाए थे। चूंकि टेस्ट क्रिकेट अब उनके तुरंत के प्लान का हिस्सा नहीं है, इसलिए शमी ने कहा कि अब उनके पास यह चुनने की आजादी है कि वह कौन से घरेलू मैच खेलना चाहते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले महीने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे, तो उन्होंने अपनी मंशा साफ कर दी। उन्होंने कहा, “बिल्कुल यार। लेकिन अब मेरे पास यह विकल्प है कि मैं चुन सकूं कि कौन से मैच खेलने हैं और कौन से छोड़ने हैं। मुझ पर कोई दबाव नहीं है। उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा रहे, मैं अगले सीजन तक फिट रहूं और अच्छा खेलता रहूं।”

शमी ने यह भी बताया कि घरेलू क्रिकेट में फिट होने और अच्छी गेंदबाजी करने के बावजूद उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला अपने शरीर पर पड़ने वाले दबाव को संभालने और बिना किसी तनाव के व्हाइट-बॉल क्रिकेट की ओर आगे बढ़ने के लिए लिया गया है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि यह सही फैसला है, इसलिए मैंने ऐसा किया। मैं अच्छी तरह से मूव कर पा रहा हूँ और अच्छा खेल रहा हूँ, इसलिए अब मैं बिना किसी चिंता के व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलूँगा। शरीर पर बहुत ज्यादा लोड डालना ठीक नहीं है। अब जब लोगों को [रेड-बॉल क्रिकेट में] मेरा खेल पसंद नहीं आ रहा है, तो मैं व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलूँगा।”

शमी ने आगे कहा कि उन्हें अपने टेस्ट करियर को खत्म करने का कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, वे उससे संतुष्ट हैं और इस बात पर सोचकर परेशान नहीं होना चाहते कि ‘क्या हो सकता था’।

उन्होंने कहा, “मुझे [संन्यास लेने का] कोई पछतावा नहीं है। किस्मत में जो लिखा है, वह आपको मिलेगा ही, और मुझे जो कुछ भी मिला है, मैं उससे खुश हूँ। अब मेरी किस्मत में जितना भी क्रिकेट खेलना लिखा है, मैं खेलूँगा और इसका पूरा आनंद लूँगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *