डिलिमिटेशन बिल पर DMK को BJP का अल्टीमेटम! समर्थन नहीं मिला तो जनसंख्या के आधार पर होगा परिसीमन

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव को लेकर केंद्र सरकार और दक्षिण भारत की पार्टियों के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। बीजेपी ने तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK से प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) बिल का समर्थन करने की अपील की है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने DMK को चेतावनी दी है कि यदि बिल पारित नहीं हुआ तो केंद्र सरकार 84वें संविधान संशोधन के प्रावधानों के तहत जनसंख्या के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकती है।
केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने के प्रस्ताव को लोकसभा सीटों के विस्तार से जोड़ा है। बीजेपी का तर्क है कि इस प्रक्रिया के लिए संसद में कानून पारित करना जरूरी होगा और इसके लिए साधारण बहुमत पर्याप्त हो सकता है।
BJP ने कांग्रेस को बताया दक्षिण भारत विरोधी
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने DMK के अलावा दक्षिण भारत के अन्य राजनीतिक दलों से भी संपर्क किया है। पार्टी ने इन दलों को समझाने की कोशिश की कि परिसीमन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का साथ देने से दक्षिण भारतीय राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं। DMK के साथ बातचीत के दौरान बीजेपी ने कांग्रेस को ‘दक्षिण भारत विरोधी’ बताया। हालांकि, दक्षिण भारतीय दलों की चिंता है कि जनसंख्या के आधार पर लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण होने से उनके राज्यों की संसद में हिस्सेदारी कम हो सकती है।
इन दलों का तर्क है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि और जन्म दर को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है, उन्हें परिसीमन के नाम पर नुकसान नहीं उठाना चाहिए। गौरतलब है कि DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं। अप्रैल में केंद्र सरकार के पिछले संविधान संशोधन प्रस्ताव पर DMK सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया था। इस बार भी उनके वोट महत्वपूर्ण हो सकते हैं, क्योंकि केंद्र सरकार को संशोधित विधेयक पारित कराने के लिए सदन में कम से कम दो-तिहाई सांसदों के समर्थन की जरूरत है।
स्टालिन ने कहा- तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं
इस बीच, DMK प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को परिसीमन को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद तमिलनाडु की कुल सीटों में हिस्सेदारी मौजूदा 7.18 प्रतिशत ही रहनी चाहिए।
स्टालिन ने दूसरी मांग रखते हुए कहा कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा, जो 1971 की जनगणना पर आधारित है, अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “DMK इन दोनों मांगों पर मजबूती से कायम है और आगे भी रहेगी। हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और किसी तरह के समझौते का सवाल ही नहीं उठता।”
स्टालिन का यह बयान उन अटकलों के बीच आया है कि तमिलनाडु की सीटों में हिस्सेदारी सुरक्षित रहने की स्थिति में DMK विधेयक का समर्थन कर सकती है। उन्होंने कहा कि परिसीमन को लेकर चिंता जताने वाली DMK पहली पार्टी थी। स्टालिन ने यह भी स्पष्ट किया कि मीडिया में चल रही अटकलें और राजनीतिक विरोधियों के बयान पार्टी के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
विजय की पार्टी TVK ने DMK को दी चुनौती
परिसीमन बिल को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में एक और मोर्चा खुल गया है। मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने DMK से सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करने को कहा है कि उसके सांसद संसद में प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ मतदान करेंगे।
TVK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि DMK को परिसीमन पर अपना स्पष्ट और एकसमान रुख सार्वजनिक करना चाहिए। पार्टी ने आरोप लगाया कि DMK राजनीतिक लाभ के लिए अपना रुख बदल रही है, जबकि वह तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने का दावा करती है।
TVK ने कहा कि DMK को यह साबित करना चाहिए कि वह तमिलनाडु और अन्य दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों के साथ खड़ी है। इसके लिए पार्टी को विधेयक का समर्थन नहीं करने और संसद में इसके खिलाफ मतदान करने की स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए। TVK ने यह भी कहा कि मतदान से दूर रहना, सदन से वॉकआउट करना या संशोधनों का हवाला देकर विधेयक के खिलाफ वोट देने से बचना बीजेपी के सामने समर्पण करने जैसा होगा।
परिसीमन पर दक्षिण भारत में क्यों है विरोध?
प्रस्तावित परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की मुख्य चिंता लोकसभा में उनके प्रतिनिधित्व को लेकर है। उनका मानना है कि यदि सीटों का बंटवारा जनसंख्या के आधार पर किया गया तो अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं, जबकि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घट सकती है।
इसी वजह से तमिलनाडु समेत कई दक्षिण भारतीय दल मौजूदा सीट अनुपात को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी, DMK, कांग्रेस और TVK के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में DMK का अंतिम संसदीय रुख और अन्य दक्षिण भारतीय दलों का रुख इस विधेयक की राह तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
