परिसीमन बिल पर कांग्रेस की आखिरी कोशिश, स्टालिन और शरद पवार से मिलेंगे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक को लेकर संसद से लेकर विपक्षी खेमे तक सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव को DMK और शरद पवार की अगुवाई वाली NCP(SP) का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस ने इन दोनों क्षेत्रीय दलों को अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश तेज कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के तमिलनाडु के पूर्वमुख्यमंत्री एमके स्टालिन से चेन्नई में मुलाकात करने की संभावना है। वहीं, खड़गे मुंबई जाकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, खड़गे दोपहर 2 बजे स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह रात 8 बजे शरद पवार से मिलने मुंबई पहुंचेंगे। कांग्रेस नेतृत्व की इस पहल का मकसद दोनों नेताओं को यह समझाना है कि परिसीमन विधेयक का मौजूदा स्वरूप दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ-साथ दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकता है।
कांग्रेस इस पूरी प्रक्रिया को राजनीतिक गेरिमैंडरिंग यानी चुनावी और राजनीतिक फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की कोशिश बता रही है। हालांकि, DMK और NCP(SP) ने संशोधित प्रस्ताव को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
DMK ने क्यों बदला अपना रुख?
डीएमके नेता एमके स्टालिन ने शनिवार को पार्टी सांसदों की बैठक के बाद परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया था। DMK का कहना है कि केंद्र सरकार ने उसकी दो प्रमुख मांगों को संशोधित विधेयक में लिखित रूप से स्वीकार कर लिया है।
पहली मांग यह थी कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी मांग थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए।
संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान बढ़ोतरी और 2051 तक सीटों की संख्या में आगे कोई वृद्धि नहीं करने का प्रावधान शामिल है। स्टालिन ने कहा कि DMK ने 2024 से इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष किया है और अब उसकी मांगों को स्वीकार किया गया है। उन्होंने इसे तमिलनाडु समेत सभी दक्षिण भारतीय राज्यों की जीत बताया।
स्टालिन के मुताबिक, भावनाओं में बहने के बजाय इस बात पर विचार करना जरूरी है कि अगर 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने वाले प्रस्ताव को छोड़ दिया जाता है, तो उसका क्या असर होगा। उन्होंने संशोधित मसौदे को व्यावहारिक और तमिलनाडु के हित में बताया।
DMK नेता ए. राजा ने भी पार्टी के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि तमिलनाडु को कोई नुकसान नहीं होगा। उनके मुताबिक, राज्य की लोकसभा में हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत से बढ़कर 7.21 प्रतिशत हो जाएगी।
अप्रैल में स्टालिन ने जलाया था विधेयक, अब समर्थन
परिसीमन को लेकर DMK का रुख पहले बिल्कुल अलग था। अप्रैल में केंद्र सरकार के पुराने विधेयक के विरोध में स्टालिन ने काला झंडा फहराया था और विधेयक की प्रति जलाकर इसे ‘काला कानून’ बताया था।
DMK को आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर दक्षिण भारत के राज्यों की लोकसभा में राजनीतिक हिस्सेदारी घट सकती है। पार्टी का कहना था कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें इसका राजनीतिक नुकसान नहीं उठाना चाहिए।
अब संशोधित प्रस्ताव में 50 प्रतिशत सीटों की समान बढ़ोतरी और राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने की बात शामिल होने के बाद पार्टी ने अपना रुख बदल लिया है।
महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP(SP) ने भी संशोधित परिसीमन प्रस्तावों का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी के पास लोकसभा में आठ सांसद हैं।
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पहले ही इस संबंध में अपना रुख स्पष्ट कर चुकी हैं। पार्टी का लगातार यह कहना रहा है कि लोकसभा सीटों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी सभी राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को सुरक्षित रखते हुए 50 प्रतिशत के समान अनुपात में होनी चाहिए।
पार्टी नेताओं ने संशोधित प्रस्ताव को संवैधानिक आवश्यकता से जुड़ा कदम बताया है। उनका कहना है कि राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखते हुए सीटों में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। इस तरह DMK के 22 और NCP(SP) के आठ सांसदों का समर्थन सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।
कांग्रेस क्यों कर रही है मुलाकात?
कांग्रेस का मानना है कि परिसीमन की प्रक्रिया का असर केवल राज्यों की लोकसभा सीटों पर ही नहीं, बल्कि देश के सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी पड़ सकता है।
पार्टी नेतृत्व स्टालिन और शरद पवार को यह समझाने की कोशिश कर रहा है कि प्रस्ताव के दूरगामी प्रभावों का आकलन किए बिना समर्थन देना उचित नहीं होगा। कांग्रेस की दलील है कि दक्षिण भारतीय राज्यों के अलावा दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधित्व पर भी इसका असर पड़ सकता है।
हालांकि, DMK और NCP(SP) की ओर से समर्थन की घोषणा के बाद कांग्रेस के सामने अपने क्षेत्रीय सहयोगियों को एक बार फिर साथ लाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
इस बीच समाजवादी पार्टी ने परिसीमन विधेयक को देखते हुए लोकसभा में अपने सभी सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर दिया है। इससे संकेत मिलता है कि विधेयक पर संसद में राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति और संसदीय तैयारी तेज कर दी है।
NDA के संख्याबल में हो सकता है इजाफा
संसद में इस विधेयक को लेकर संख्याबल का गणित भी महत्वपूर्ण हो गया है। उपलब्ध आकलन के मुताबिक, BJP के 241 सांसदों और सहयोगी दलों तथा अन्य समर्थक समूहों को मिलाकर NDA की संख्या करीब 320 बताई जा रही है।
यदि DMK के 22 और NCP(SP) के आठ सांसदों का समर्थन भी जुड़ता है, तो संभावित समर्थक संख्या करीब 350 तक पहुंच सकती है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश इन दोनों क्षेत्रीय दलों को अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए तैयार करने की है। लेकिन DMK और NCP(SP) के समर्थन के ऐलान के बाद विपक्ष के भीतर भी इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही है।
परिसीमन विधेयक अब केवल सीटों के पुनर्निर्धारण का मुद्दा नहीं रह गया है। यह राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, क्षेत्रीय दलों के हितों और विपक्षी एकजुटता की भी परीक्षा बन गया है। संसद में इस पर होने वाली बहस के दौरान यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कांग्रेस की आपत्तियों और क्षेत्रीय दलों के समर्थन के बीच राजनीतिक दल किस तरह अपना पक्ष रखते हैं।
