दिल्ली-एनसीआर में रौनियार वैश्य समाज का भव्य होली मिलन एवं फाग महोत्सव आयोजित
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिल्ली- पूर्वांचल से विगत 35 वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में रचे-बसे रौनियार वैश्य समाज द्वारा भव्य होली मिलन एवं फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पारंपरिक होली उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात बच्चों एवं महिला मंच की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महासचिव कर्नल आई. डी. साह ने समाज की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष सुबोध प्रसाद पंकज के नेतृत्व में कोषाध्यक्ष के रूप में ब्रजेश गुप्ता सहित नव निर्वाचित कार्यकारिणी को भूतपूर्व सभापति प्रदीप गुप्ता द्वारा शपथ दिलाई गई।
दीप प्रज्वलन के माध्यम से समाज की एकता, सौहार्द एवं प्रगति का संदेश दिया गया। अपने संबोधन में अध्यक्ष सुबोध प्रसाद पंकज ने कहा कि रौनियार वैश्य समाज ने पूर्वांचल से दिल्ली-एनसीआर तक की अपनी यात्रा परिश्रम, अनुशासन एवं पारिवारिक मूल्यों के बल पर तय की है। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक समरसता को समाज की भविष्य की प्राथमिकता बताया।
रौनियार वैश्य सभा के नेशनल कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार ने कहा कि आरवीस दिल्ली देशभर के वैश्य संगठन को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगी। ताकि आर्थिक और सामाजिक तौर पर समाज मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि संस्था रौनियार समाज को अतिपिछड़ों की सूची में शामिल करने के लिए प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के लिए समर्पित दिवंगत समाजसेवियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही तीन पीढ़ियों के संयुक्त सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसे उपस्थित स्वजनों ने विशेष रूप से सराहा।
फाग महोत्सव, सामूहिक गीत तथा राधा-रानी नृत्य प्रस्तुति ने समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। लक्की ड्रा, बच्चों को पुरस्कार वितरण एवं समाजसेवियों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन सभापति मदन रौनियार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राजीव रंजन गुप्ता, डॉ. प्रदीप गुप्ता, संजीव कुमार गुप्ता एवं पंकज कुमार ने किया।
