आईपीएल से मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश ने की टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को उसके खेल मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए टी20 वर्ल्ड कप के अपने लीग मैचों को भारत से श्रीलंका स्थानांतरित कराने के लिए आईसीसी से औपचारिक अनुरोध करे। यह कदम आईपीएल से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद उठाया गया है।
मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने पिछले महीने अबू धाबी में हुई नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बाद में बीसीसीआई के निर्देश पर फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें टीम से रिलीज़ कर दिया। इसी घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश सरकार और क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया है।
इस मामले को लेकर हुई बीसीबी की आपात बैठक के बाद बोर्ड अध्यक्ष और पूर्व कप्तान अमिनुल इस्लाम बुलबुल ने सार्वजनिक रूप से कोई बयान देने से परहेज किया। हालांकि, खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नज़रुल ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने बोर्ड को निर्देश दिया है कि वह आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के नेतृत्व वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से लिखित रूप में मैच स्थानांतरण की मांग करे।
आसिफ नज़रुल ने फेसबुक पर बंगाली में लिखा, “यदि कोई बांग्लादेशी खिलाड़ी अनुबंध में होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, तो बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम खुद को भारत जाकर वर्ल्ड कप खेलने के लिए सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती।”
उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड को औपचारिक रूप से अनुरोध करना चाहिए कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
- बांग्लादेश के चार लीग मुकाबले इस प्रकार हैं—
7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ,
9 फरवरी को इटली के खिलाफ,
14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ (तीनों मैच कोलकाता में),
और 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मुंबई में।
हालांकि, बीसीसीआई के एक सूत्र ने साफ किया है कि टूर्नामेंट में केवल एक महीने का समय बचा होने के कारण मैचों का स्थान बदलना लगभग असंभव है। सूत्र के अनुसार, “यह किसी की इच्छा के अनुसार नहीं किया जा सकता। यह एक बड़ा लॉजिस्टिक संकट पैदा करेगा। विरोधी टीमों के टिकट, होटल, प्रसारण व्यवस्था—सब पहले से तय हैं।”
सूत्र ने यह भी बताया कि हर दिन तीन मुकाबले निर्धारित हैं, ऐसे में एक मैच को श्रीलंका शिफ्ट करने से ब्रॉडकास्ट और आयोजन व्यवस्था और जटिल हो जाएगी।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से बनी सहमति के तहत पाकिस्तान अपने टी20 वर्ल्ड कप के सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा।
