आलिया भट्ट की पूर्व सेक्रेटरी वेदिका शेट्टी 77 लाख की ठगी के मामले में गिरफ्तार

चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व सेक्रेटरी वेदिका प्रकाश शेट्टी को मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री से ₹77 लाख की ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मुंबई के जुहू पुलिस थाने द्वारा दर्ज एक केस के सिलसिले में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वेदिका शेट्टी ने आलिया भट्ट के फाइनेंशियल दस्तावेजों और भुगतान से जुड़े मामलों में धोखाधड़ी की और दो वर्षों में लगभग ₹76.9 लाख की हेराफेरी की। आरोप है कि उन्होंने आलिया के दस्तावेजों पर जाली हस्ताक्षर भी किए।
यह मामला कुछ महीने पहले आलिया की मां और वरिष्ठ अभिनेत्री सोनी राजदान की शिकायत पर दर्ज किया गया था। करीब पांच महीने की जांच के बाद वेदिका को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 10 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
जुहू पुलिस ने वेदिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी से पहले वेदिका फरार चल रही थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेदिका शेट्टी साल 2021 से 2024 तक आलिया भट्ट की सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने एक्ट्रेस के वित्तीय लेन-देन और शेड्यूल की जिम्मेदारी संभाली थी। फिलहाल इस पूरे मामले पर आलिया भट्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस बीच आलिया अपनी आने वाली फिल्म “अल्फा” की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें वह एक जासूस की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री शरवरी भी नजर आएंगी। वहीं दूसरी ओर, आलिया ने हाल ही में अपने पति रणबीर कपूर की फिल्म “रामायण” के पहले लुक पर खुशी जताई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीज़र शेयर करते हुए लिखा, “कुछ चीज़ें शब्दों की मोहताज नहीं होतीं। यह किसी अविस्मरणीय शुरुआत जैसा लगता है। दिवाली 2026 — हम इंतजार कर रहे हैं।”
3 जुलाई को फिल्म रामायण का टीज़र रिलीज़ किया गया जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम, साईं पल्लवी को सीता और यश को रावण के किरदार में दिखाया गया है।
