‘ततरी’ गाने पर विवाद के बीच रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी
चिरौरी न्यूज
चंडीगढ़: मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें उनके नए हरियाणवी गाने ‘ततरी’ को लेकर उठने विवाद के कुछ ही दिनों बाद दी गई है।
बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ लोगों ने फेसबुक पर एक पोस्ट कर बादशाह को धमकी दी। पोस्ट में लिखा गया कि अगर उन्होंने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश जारी रखी तो उन्हें “माथे में गोली मार दी जाएगी।” पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि वर्ष 2024 में उनके क्लब के बाहर हुआ धमाका सिर्फ “ट्रेलर” था और अगली बार सीधा हमला किया जाएगा।
दरअसल, 2024 में चंडीगढ़ के एक क्लब ‘सेविल बार एंड लाउंज’ के बाहर धमाका हुआ था, जिसे बादशाह का बताया जाता है। इस घटना की जिम्मेदारी कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली थी, जो लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है।
सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में रणदीप मलिक और अनिल पंडित नाम के दो लोगों ने हरियाणा के पानीपत में असंध रोड स्थित एक ऑफिस के बाहर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना की भी जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में कहा गया कि यह कार्रवाई हवाला कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ की गई है।
हालांकि चिरौरी न्यूज ने पोस्ट को सत्यापित नहीं किया है।
पोस्ट के मुताबिक, “मैं रणदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) पानीपत के असंध रोड पर हवाला कारोबार से जुड़े गैरी और शैंकी के ‘वेस्टर्न यूनियन’ ऑफिस में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते हैं। ये लोग हवाला के जरिए विदेशों में पैसे भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे थे। उन्हें पहले फोन पर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज किया। आज की घटना सिर्फ एक ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है।”
पोस्ट के अंत में कई ऐसे लोगों और समूहों के नाम भी लिखे गए, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा माना जाता है।
‘ततरी’ गाने को लेकर विवाद
इधर बादशाह को अपने हालिया हरियाणवी गाने ‘ततरी’ को लेकर भी कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि इस गाने में महिलाओं और नाबालिगों को लेकर आपत्तिजनक बोल और दृश्य दिखाए गए हैं। इस मामले में पंचकूला के एक निवासी की शिकायत पर बादशाह के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है।
यह गाना बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ हुआ था और रिलीज़ के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
बादशाह ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को आहत करने का नहीं था।
बादशाह ने कहा, “मेरा नया गाना रिलीज़ हुआ है और मैंने देखा कि इसके बोल और विज़ुअल्स से कई लोगों को, खासकर हरियाणा के लोगों को दुख पहुंचा है। सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं और मुझे अपनी पहचान पर गर्व है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं हिप-हॉप जॉनर से आता हूं, जहां कई बार गानों में प्रतिस्पर्धियों को नीचा दिखाने के लिए इस तरह के शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं। लेकिन यह किसी भी महिला या बच्चे के लिए नहीं था। अगर मेरे गाने से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे हरियाणा का बेटा मानकर माफ कर देंगे।”
