अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंदोक से की सगाई: रिपोर्ट
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट महान सचिन तेंदुलकर के बेटे और मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंदोक से सगाई कर ली है। बुधवार को दोनों की सगाई हुई। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर अर्जुन की निजी ज़िंदगी को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गईं। हालांकि, अब तक अर्जुन या सानिया के परिवार की ओर से इस सगाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सानिया मुंबई के मशहूर उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। घई परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में अपनी सेवाओं के लिए जाना जाता है। वे इंटरकॉन्टिनेंटल होटल और ब्रुकलिन क्रीमेरी जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यह सगाई एक निजी समारोह में हुई, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए।
सानिया चंदोक पेशे से एक उद्यमी हैं और पालतू जानवरों की देखभाल से जुड़े बिज़नेस में सक्रिय हैं। वह मुंबई स्थित एक प्रीमियम पेट ग्रूमिंग और रिटेल ब्रांड ‘Mr. Paws Pet Spa & Store LLP’ की संस्थापक हैं।
वहीं, अर्जुन तेंदुलकर क्रिकेट की दुनिया में अपने खेल से पहचान बना रहे हैं। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेलते हुए 17 फर्स्ट क्लास मैचों में 37 विकेट लिए हैं और साथ ही 532 रन भी बनाए हैं। उन्होंने अब तक 24 टी20 मुकाबलों में 27 विकेट झटके हैं और 119 रन बनाए हैं। लिस्ट ए (वनडे) क्रिकेट में अर्जुन ने 18 मैच खेले हैं, जिसमें 25 विकेट और 102 रन उनके नाम हैं।
आईपीएल में अर्जुन ने 2023 में डेब्यू किया था और मुंबई इंडियंस के लिए चार मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने तीन विकेट झटके थे। उनके आईपीएल करियर का पहला विकेट भुवनेश्वर कुमार था, जो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आया था। 2024 सीज़न में अर्जुन सिर्फ एक मैच खेल सके और उसमें कोई विकेट नहीं ले पाए। मुंबई इंडियंस ने 2024 सीजन के लिए उन्हें रिटेन किया था, जबकि उसके बाद हुए मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा।
