आर्यमान बिड़ला: आईपीएल नीलामी से आरसीबी चेयरमैन तक का सफर
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आदित्य बिड़ला ग्रुप के लीडरशिप वाले एक बड़े कंसोर्टियम ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग की पॉपुलर फ्रेंचाइज़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को करीब 1.78 अरब डॉलर (16,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा) में खरीदने का ऐतिहासिक सौदा पूरा कर लिया। इस कंसोर्टियम में टाइम्स ग्रुप, डेविड ब्लिट्ज़र की बोल्ट वेंचर्स और अमेरिका स्थित ब्लैकस्टोन इंक. भी शामिल हैं।
यह अधिग्रहण यूके की कंपनी डियाजियो पीएलसी की सहायक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) से किया गया, जिसके तहत RCB की पुरुष और महिला (WPL) दोनों टीमों में 100% हिस्सा कंसोर्टियम को मिल गई। इस डील के बाद आर्यमन बिड़ला को फ्रेंचाइजियों का डिपार्टमेंट नियुक्त किया जाएगा।
28 साल के आर्यमन बिड़ला, कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं और खुद भी एक पूर्व पेशेवर क्रिकेटर रह चुके हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और RCB के मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार और ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है।
बाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यमन ने मध्य प्रदेश के लिए नौ प्रथम श्रेणी मैचों में 414 रन बनाए, जिसमें ईडन गार्डन्स में बंगाल के खिलाफ लगाया गया एक शानदार शतक भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने चार लिस्ट-ए मैच भी खेले। उन्होंने 2018 की IPL नीलामी में हिस्सा लिया था, जहां राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा। हालांकि, उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला और 2020 सीज़न से पहले टीम ने उन्हें रिलीज़ कर दिया।
इसी दौरान आर्यमन ने ‘गंभीर एंग्जायटी’ से जूझने के कारण क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि उन्हें “फंसा हुआ” महसूस हो रहा था और अब वे अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता देना चाहते हैं। उन्होंने इस समय को खुद को समझने, नए दृष्टिकोण अपनाने और जीवन में उद्देश्य खोजने के लिए इस्तेमाल करने की बात कही।
आर्यमन इसके बाद क्रिकेट में वापसी नहीं कर सके और वर्तमान में आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड में डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं।
इस ऐतिहासिक सौदे पर कंसोर्टियम ने कहा, “RCB के विकास के अगले चरण को आकार देने के लिए यह साझेदारी हमारे लिए गर्व की बात है। यह खेल, मीडिया और उपभोक्ता व्यवसायों की गहरी समझ को एक मंच पर लाती है, जो टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगी।”
