यूएस ओपन के दौरान रोमांटिक प्रपोजल देख मुस्कुराईं आर्यना सबालेंका, बॉयफ्रेंड को दिया प्यारा मैसेज
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एस ओपन 2025 के तीसरे दौर के मैच के दौरान एक दिल छू लेने वाला पल सामने आया, जब दर्शकों के बीच बैठे एक शख्स ने अपनी प्रेमिका को शादी के लिए प्रपोज किया। कोर्ट पर मुकाबला आर्यना सबालेंका और लेला फर्नांडीज के बीच चल रहा था, लेकिन स्टेडियम का माहौल अचानक रोमांटिक हो गया, जब एक फैन ने घुटनों के बल बैठकर रिंग निकाली और अपनी पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज किया।
प्रेमिका ने हैरान होते हुए अपने चेहरे को ढक लिया और कुछ ही देर में आँसू छलक पड़े। “हां” कहने के बाद दोनों गले मिले, और स्टेडियम तालियों और खुशी से गूंज उठा। यह नज़ारा देखकर सबालेंका भी खुद को मुस्कुराने से मुश्किल से रोक पाईं।
मैच जीतने के बाद पत्रकारों से बातचीत में वर्ल्ड नंबर 1 और डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका ने कहा, “मुझे लगता है कि ये पहली बार था जब मेरे मैच के दौरान किसी ने प्रपोज किया। वो बहुत ही प्यारा पल था। मैं हंसना चाहती थी, लेकिन अपनी एकाग्रता बनाए रखने की कोशिश कर रही थी। मैं बस यही चाहती हूं कि वे दोनों हमेशा खुश रहें।”
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबालेंका से पूछा गया कि क्या ऐसा प्रपोजल दूसरों को भी प्रेरित करेगा, तो उन्होंने हंसते हुए अपने बॉयफ्रेंड जॉर्जियस फ्रैंगुलिस की ओर इशारा करते हुए कहा,
“मैंने अपने बॉयफ्रेंड की तरफ देखा… कोई दबाव नहीं है!”
अपने रिश्ते पर बात करते हुए सबालेंका ने People मैगजीन को बताया, “मेरे करियर के कुछ मुश्किल दिनों में वो मेरे सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम रहे हैं। वो हमेशा मुझे खुश रखते हैं, मुझे नई चीज़ों में व्यस्त रखते हैं ताकि मैं टेनिस से कुछ समय के लिए बाहर आ सकूं और जिंदगी का आनंद ले सकूं।”
मैच की बात करें तो सबालेंका ने फर्नांडीज को 6-3, 7-6 (2) से हराकर चौथे दौर में प्रवेश कर लिया। मैच के बाद उन्होंने कोर्ट पर कहा, “मैं इस मैच को लेकर बेहद उत्साहित थी। पिछली बार की हार का बदला लेना चाहती थी और आज का दिन मेरे लिए खास रहा।”
लुइस आर्मस्ट्रॉन्ग स्टेडियम की चमकती रोशनी और एक खूबसूरत प्रपोजल के बीच, आर्यना सबालेंका ने खेल के साथ-साथ दिल भी जीत लिए।
